scorecardresearch
 

ICC T20 Rankings: संजू ने लगाई लंबी छलांग, वरुण से छिनी बादशाहत, वर्ल्ड कप के बाद इन खिलाड़ियों की बल्ले बल्ले

टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद ICC की नई टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा दिखा. अभिषेक शर्मा नंबर-1 बल्लेबाज बने रहे और ईशान किशन दूसरे नंबर पर पहुंच गए. गेंदबाजों में राशिद खान नंबर-1 बन गए, जबकि वरुण चक्रवर्ती दूसरे स्थान पर खिसक गए.

Advertisement
X
आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में संजू सैमसन का जलवा (Photo: ITG)
आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में संजू सैमसन का जलवा (Photo: ITG)

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. भारत की इस महाजीत का असर अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भी देखने को मिला है. टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने नई रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है.

कप्तान सूर्या की अगुआई में भारत ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता. इसके साथ ही भारत टूर्नामेंट के इतिहास में तीन बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गया.

बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत का दबदबा

नई रैंकिंग में भारत के बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला. अभिषेक शर्मा का जलवा इस रैंकिंग में कायम है.  फाइनल में उन्होंने ताबड़तोड़ फिफ्टी लगाई थी. अब नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं.

वहीं ईशान किशन ने टूर्नामेंट में 317 रन बनाने के बाद दो स्थान की छलांग लगाकर नंबर-2 पर पहुंच गए हैं. किशन ने अपने करियर की सबसे ज्यादा रेटिंग भी हासिल की और अब वह अभिषेक शर्मा से सिर्फ 4 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं.

Advertisement

इसके अलावा न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट चार स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि इंग्लैंड के बेथल 17 पायदान ऊपर चढ़कर 16वें स्थान पर आ गए हैं.

संजू सैमसन ने लगाई 18 पायदान की छलांग

न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलन सात स्थान ऊपर चढ़कर 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्होंने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 गेंद में शतक लगाकर टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक बनाया था. वहीं, इस वर्ल्ड कप के हीरो संजू सैमसन 18 स्थान की छलांग लगाकर 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं. संजू ने वर्ल्ड कप में लगातार तीन फिफ्टी बनाई थी और टीम इंडिया के जीत के सूत्रधार बने थे. वहीं, शिवम दुबे चार स्थान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गए हैं.

यह भी पढ़ें: संजू ने क्रिकेट के सारे गणित बदल दिए, 4 मैच छोड़कर भी बन गए वर्ल्ड कप 'बादशाह'

गेंदबाजों की रैंकिंग में बदलाव

गेंदबाजों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 की कुर्सी गंवा बैठे हैं और अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं. अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान फिर से नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं.

Advertisement

वहीं इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे, भारत के जसप्रीत बुमराह छठे और अक्षर पटेल 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं.

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पिता का एक मैसेज और छा गए अभिषेक शर्मा, खेली करियर की सबसे बेस्ट पारी

ऑलराउंडर रैंकिंग में कड़ी टक्कर

टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में टॉप पर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा बने हुए हैं. भारत के हार्दिक पंड्या दूसरे नंबर पर हैं और दोनों खिलाड़ियों ने इस हफ्ते करियर की सबसे ज्यादा रेटिंग हासिल की है. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर तीन स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement