scorecardresearch
 

IPL-12: मैदान पर कप्तान कार्तिक को क्यों आया गुस्सा? हुए आग बबूला

शुक्रवार को मोहाली के पीसीए आईएस बिंद्रा स्टेडियम में मैच के दौरान ऐसा भी देखा गया, जब शांत दिखने वाले कार्तिक को गुस्सा आया.

Advertisement
X
फोटो- iplt20.com
फोटो- iplt20.com

कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान दिनेश कार्तिक मैदान पर हुई गलतियों के लिए आपा नहीं खोते, लेकिन अगर गुस्से के बाद उनके खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ करते हैं, तो उन्हें इससे कोई गुरेज नहीं. दरअसल, शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में कार्तिक पारी में ब्रेक के दौरान अपना आपा खो बैठे, क्योंकि उनके गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक उनकी योजना का उचित तरीके से पूरा नहीं कर पा रहे थे.

जब उनसे इस गुस्से के बारे में पूछा गया, तो केकेआर के कप्तान ने स्वीकार किया कि वह अपने गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों से खुश नहीं थे. उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ दिन काफी मुश्किल रहे हैं. गेंदबाज और फील्डर जो कर रहे थे, मैं उससे खुश नहीं था. इसलिए मैंने सोचा कि लड़कों को पता चलना चाहिए कि मैं उस समय क्या महसूस कर रहा था. यह कभी कभार होता है, मुझे लोगों ने गुस्से में नहीं देखा होगा. अगर मुझे लगता है कि खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ कराने के लिए मुझे गुस्सा करने की जरूरत है, तो शायद मैं ऐसा करूंगा.'

Advertisement

उल्लेखनीय है कि कोलकाता की टीम ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ शुभमन गिल के नाबाद 65 रनों की बदौलत जीत हासिल कर आईपीएल के मौजूदा सीजन के प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को कायम रखा है. गिल ने पारी की शुरुआत करते हुए 49 गेंदों में 65 रन बनाए. उनकी पारी में 2 छक्के और 5 चौके शामिल रहे.

मैच के बाद कार्तिक ने गिल की तारीफ में कहा, 'यह अच्छा हुआ कि हमने गिल को सुनील नरेन के स्थान पर पारी शुरू करने का मौका दिया. इस युवा खिलाड़ी ने इसकी अहमियत समझी और अपने सामने आए मौके को दोनों हाथों से लपका.'

इस जीत के साथ एक तरफ जहां कोलकाता ने आगे जाने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं. वहीं, किंग्स इलेवन पंजाब को निराशा हाथ लगी है. 13 मैचों से 10 अंक जुटाने वाली रविचंद्रन अश्विन की यह टीम अंतिम मैच में रविवार को टेबल टॉपर चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी, जबकि 13 मैचों से 12 अंक लेकर कोलकाता की टीम रविवार को ही मुंबई इंडियंस का सामना करेगी.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement