कैरेबियाई तूफान क्रिस गेल ने भारत में कदम रख दिया है. वह आईपीएल के 11वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से धमाका करने को तैयार है. किंग्स पंजाब का पहला मुकाबला 8 अप्रैल को मोहाली में दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा.
मंगलवार को गेल ने अपने फैंस को ट्वीट के जरिए भारत पहुंचने की जानकारी दी, जिसमें उन्होंने खुद को किंग बताया है.
2 kings arrived in India
— Chris Gayle (@henrygayle)
कुछ ही दिन पहले गेल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह पंजाबी अवतार में भांगड़ा करते नजर आ रहे हैं. गेल के इस भांगड़ा ने उनके गंगनम डांस को भी फेल कर दिया जिसके लिए वह जाने जाते हैं.
इस बार आईपीएल नीलामी में क्रिस गेल पहले दो राउंड में अनसोल्ड रहे थे, आखिरकार तीसरी बार में किंग्स इलेवन ने मौके का फायदा उठाते हुए गेल को हाथ से निकलने नहीं दिया और अपने पर्स के दो करोड़ रु. गेल पर लगा दिए.
किंग्स इलेवन पंजाब के लिए बिक जाने के बाद गेल के फैंस को काफी राहत मिली. एक समय तो ऐसा लग रहा था कि इस बार गेल के बिना यह आईपीएल फीकी रहेगी. गेल आखिरी दो सीजन के 19 मैचों में गेल के बल्ले से 447 रन ही आए.

इस लुभावनी लीग के पिछले सात सत्र में मोटी रकम में बिकने वाले टी-20 विशेषज्ञ गेल के लिए किसी फ्रेंचाइजी ने नीलामी के पहले दिन कोई बोली नहीं लगाई. इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गेल को टीम में बनाए रखने में रुचि नहीं दिखाई. 38 साल का यह धुरंधर 2014 से आईपीएल में मुकाबलों में जूझता नजर आया है. उस साल गेल ने 9 मैचों में 46 के उच्च स्कोर के साथ 196 रन ही बना पाए थे.