ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज एरॉन समर्स एक बार फिर गंभीर कानूनी संकट में फंस गए हैं. समर्स ने नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े गंभीर मामले में अदालत के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. अब उन्हें लंबे समय के लिए जेल की सजा हो सकती है. तस्मानिया की सर्वोच्च न्यायालय अगस्त में इस मामले में अंतिम फैसला सुनाएगी.
30 वर्षीय एरॉन समर्स बिग बैश लीग (BBL) मे होबार्ट हरिकेन्स और घरेलू क्रिकेट मे तस्मानिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रतिभाशाली पेसरों में गिना जाता था, लेकिन अब उनका क्रिकेट करियर लगभग खत्म माना जा रहा है.
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, यह मामला साल 2018 का है, जब एरॉन समर्स होबार्ट हरिकेन्स की टीम का हिस्सा थे. आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक नाबालिग पीड़िता से संपर्क किया और बाद में उसका यौन शोषण किया. जून के आखिर में समर्स ने अदालत में अपना पक्ष बदलते हुए तीन गंभीर आरोप स्वीकार कर लिए. इनमें नाबालिग के साथ यौन शोषण के दो आरोप और अश्लील सामग्री दिखाने के इरादे से ग्रूमिंग का एक आरोप शामिल है.
वकील ने क्रिकेटर का किया बचाव
एरॉन समर्स की ओर से पेश वकील कैरोलिन ग्रेव्स ने अदालत को बताया कि घटना के समय उनका मुवक्किल बेहद कठिन मानसिक दौर से गुजर रहा था. वह सामाजिक रूप से अलग-थलग था और अपना ज्यादातर समय सोशल मीडिया पर बिताता था. वकील ने अदालत में कहा, 'यह घटना उसके दिमाग से कभी नहीं निकलेगी, लेकिन उसे अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए.'
कैरोलिन ग्रीव्स ने यह भी कहा कि उस समय एरॉन समर्स ऑस्ट्रेलियाई सर्किट में सबसे तेज गेंदबाजों में गिने जाते थे और उन्हें भविष्य का सितारा माना जा रहा था. उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें पता है कि अब ऑस्ट्रेलिया या दुनिया में कहीं भी प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने का उनका सपना हमेशा के लिए खत्म हो चुका है.'
एरॉन समर्स का यह पहला आपराधिक मामला नहीं है. साल 2021 में भी उन्होंने नाबालिगों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने और साझा करने के अलग मामले में दोष स्वीकार किया था. उस मामले में उन्हें जेल की सजा भी हुई थी. यानी समर्स पहले भी बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधों में दोषी ठहराए जा चुके हैं.
कैरोलिन ग्रीव्स ने अदालत से निलंबित सजा (Suspended Sentence) पर विचार करने की अपील की थी., लेकिन न्यायाधीश हेलेन वुड ने साफ कर दिया कि इस मामले में ऐसी राहत संभव नहीं है. इसके बाद अदालत ने एरॉन समर्स की जमानत रद्द कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब अगस्त में उन्हें सजा सुनाई जाएगी.
दाएं हाथ के फास्ट बॉलर एरॉन समर्स ने 7 लिस्ट-ए और तीन टी20 मुकाबले खेले हैं. लिस्ट-ए मैचों में समर्स ने 77.00 की औसत से 5 विकेट झटके है. जबकि टी20 क्रिकेट में उन्होंने कोई विकेट नहीं चटकाया.