scorecardresearch
 

रोहित नहीं… फिर कौन था पहला ‘हिटमैन’? गुजरे जमाने की ये कहानी चौंका देगी

आज भले ही Rohit Sharma जैसे सितारे छक्कों की दुनिया पर राज कर रहे हों, लेकिन असल में इस आक्रामक बल्लेबाजी की शुरुआत बहुत पहले हो चुकी थी. इंग्लैंड के Arthur Wellard ने 1930 के दशक में ही 500+ छक्के जड़कर दिखा दिया था कि लंबी हिटिंग किसी दौर की मोहताज नहीं.

Advertisement
X
आर्थर वेलार्ड ने 1930 के दशक में ही  दिखा दी थी ‘एंटरटेनमेंट क्रिकेट’ की झलक. (Photo, Getty)
आर्थर वेलार्ड ने 1930 के दशक में ही दिखा दी थी ‘एंटरटेनमेंट क्रिकेट’ की झलक. (Photo, Getty)

क्रिकेट में छक्का सिर्फ एक शॉट नहीं, बल्कि खेल का सबसे बड़ा तमाशा है- वो पल, जब गेंद आसमान चीरती हुई स्टैंड्स में जाती है और स्टेडियम गूंज उठता है. आज के दौर में सीमित ओवरों का क्रिकेट ‘सिक्स-हिटिंग’ का पर्याय बन चुका है, जहां हर बल्लेबाज रन नहीं, बल्कि असर छोड़ना चाहता है.

इस कला के सबसे बड़े उस्ताद माने जाते हैं रोहित शर्मा, जिन्हें दुनिया ‘हिटमैन’ के नाम से जानती है. 508 इंटरनेशनल मैचों (Tests+ODIs+T20Is) में 650 छक्के जड़कर उन्होंने इस फेहरिस्त में खुद को सबसे ऊपर स्थापित कर लिया है. क्रिस गेल (553) और शाहिद आफरीदी (476) जैसे दिग्गज पीछे छूट चुके हैं. 

... लेकिन क्या आप जानते हैं- जब न टी20 था, न पावरप्ले, न छोटे मैदान… तब भी एक ऐसा बल्लेबाज था, जो गेंद को बार-बार स्टैंड्स में पहुंचाता था? वो थे इंग्लैंड के आर्थर वेलार्ड, जिन्हें उस दौर का असली ‘सिक्स हिटर’ कहा जाता था.

वेलार्ड का फर्स्ट क्लास एवरेज भले ही सिर्फ 19 रहा, लेकिन उनका खेल आंकड़ों से कहीं बड़ा था. उन्होंने अपने करियर में 500 से ज्यादा छक्के जड़े- वो भी ऐसे समय में, जब छक्का मारना जोखिम भरा और दुर्लभ माना जाता था.

Advertisement

8 अप्रैल 1902 को जन्मे वेलार्ड ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से 1930 के दशक में ही ‘एंटरटेनमेंट क्रिकेट’ की झलक दिखा दी थी.

एक ओवर में 5 छक्के… वो भी दो बार!

24 अगस्त 1938- वेल्स में खेला गया एक मैच. समरसेट की ओर से खेलते हुए वेलार्ड ने फ्रैंक वूली (Frank Woolley) के एक ओवर में 5 छक्के जड़ दिए.

चौंकाने वाली बात ये है कि उन्होंने अपने करियर में दो बार एक ओवर में 5 छक्के मारे और यह कारनामा करीब 30 साल तक अनोखा बना रहा.

फिर 1968 में गैरी सोबर्स ने एक ओवर में 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया.

रिकॉर्ड जो दशकों तक अटूट रहे

- 1935 सीजन में वेलार्ड ने 72 छक्के जड़े- यह रिकॉर्ड 50 साल तक कायम रहा
- एक सीजन में 50+ छक्के लगाने का कारनामा उन्होंने चार बार किया
- 1985 में जाकर इयान बॉथम ने 80 छक्कों के साथ उनका रिकॉर्ड तोड़ा

सिर्फ बल्लेबाज नहीं, घातक ऑलराउंडर भी

वेलार्ड सिर्फ ‘सिक्स मशीन’ ही नहीं थे. उन्होंने 417 फर्स्ट क्लास मैचों में 1600+ विकेट भी लिए. हालांकि इंग्लैंड के लिए उन्हें सिर्फ 2 टेस्ट खेलने का मौका मिला, लेकिन काउंटी क्रिकेट में उनका दबदबा अलग ही स्तर का था.

आज जब छक्कों की बात होती है, तो नाम रोहित शर्मा या टी20 स्टार्स का आता है… लेकिन असल में, इस खेल में ‘पावर हिटिंग’ की नींव बहुत पहले रख दी गई थी और उस विरासत के सबसे चमकदार सितारों में एक नाम है- आर्थर वेलार्ड. उनका निधन 31 दिसंबर 1980 में 78 वर्ष की उम्र में हो गया.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement