scorecardresearch
 

अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा, IPL भी नहीं खेलेंगे, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी. अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताने वाले 38 वर्षीय रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए अपने संन्यास का ऐलान किया.

Advertisement
X
अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के तीनो फॉर्मेट से संन्यास लिया. (Photo: Getty)
अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के तीनो फॉर्मेट से संन्यास लिया. (Photo: Getty)

भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने इस खेल के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया. रहाणे ने 30 जुलाई (गुरुवार) को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने शानदार करियर को विराम देने की घोषणा की. रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे, लेकिन अब वो इस टी20 लीग में भी नहीं खेलेंगे. रहाणे ने साफ कहा कि वो क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं.

38 साल के अजिंक्य रहाणे ने लिखा, 'कैप नंबर 278, अब यहीं विराम. वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद. मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा.' इस संदेश के साथ उन्होंने अपने प्रशंसकों, साथियों, कोचों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.

बल्ले के साथ-साथ कप्तानी में भी हिट
अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया की कप्तानी की. उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड भी शानदार रहा. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने छह मैचों में भारत की कमान संभाली, जिसमें टीम ने चार मुकाबले जीते, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे. खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को टेस्ट क्रिकेट में एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा. ओडीआई क्रिकेट में रहाणे ने तीन मैचों में कप्तानी की, जिनमें भारत को जीत मिलीं. वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने दो मुकाबलों में टीम की अगुवाई की, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक में हार का सामना किया.

Advertisement

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 ओडीआई और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. उन्होंने तीनों प्रारूपों को मिलाकर 35.95 की औसत 8414 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक निकले. रहाणे ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया. रहाणे ने 212 आईपीएल मैचों में 30.15 की औसत से 5367 रन बनाए. उन्होंने आईपीएल में 2 शतक और 35 अर्धशतक जड़े.

ऑस्ट्रेलिया में दिलाई ऐतिहासिक जीत
अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देखने को मिला. एडिलेड टेस्ट में भारत की शर्मनाक हार और विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली. मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर उन्होंने भारत को सीरीज में वापसी दिलाई.

इसके बाद युवा खिलाड़ियों से सजी टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में टेस्ट सीरीज में 2-1 से हरा दिया. यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार उपलब्धियों में गिनी जाती है और रहाणे की कप्तानी को हमेशा याद रखा जाएगा.

रहाणे का टेस्ट करियर
• 85 मैच, 5077 रन, 38.46 औसत
• 12 शतक, 26 अर्धशतक, 49.50 स्ट्राइक रेट
• 578 चौके, 35 छक्के 

Advertisement

रहाणे का ODI करियर
• 90 मैच, 2962 रन, 35.26 औसत
• 3 शतक, 24 अर्धशतक, 78.63 स्ट्राइक रेट
• 293 चौके, 33 छक्के 

रहाणे का टी20I करियर
• 20 मैच, 375 रन, 20.83 औसत
• 1 अर्धशतक, 113.29 स्ट्राइक रेट
• 32 चौके, 6 छक्के

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement