वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी सुर्खियों में हैं. बिहार के समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में आशीर्वाद ने शानदार शतक जड़कर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से खेलते हुए आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 87 गेंदों पर 103 रन की धमाकेदार पारी खेली. उनकी इस शानदार इनिंग में 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा. आशीर्वाद का स्ट्राइक रेट 118.39 का रहा, जिसने उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा भी दे दिया.
आशीर्वाद की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है. बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी ने भी अपने छोटे भाई की उपलब्धि पर खुशी जताई और इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें बधाई दी.
वैभव सूर्यवंशी खुद इस समय भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ बड़ा नाम हैं. IPL 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए थे. 16 मैचों में उनके बल्ले से निकले इन रनों ने उन्हें ऑरेंज कैप दिलाई. उन्होंने इस दौड़ में साई सुदर्शन, शुभमन गिल और विराट कोहली जैसे बड़े बल्लेबाजों को पीछे छोड़ा था.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने उड़ाया गर्दा, जड़ दिया पहला शतक
शानदार IPL सीजन के बाद 6 जून को वैभव को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली. जैसे ही उनके चयन की घोषणा हुई, बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव में जश्न का माहौल बन गया. गांव के लोगों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने उनके घर पहुंचकर मिठाइयां बांटीं और पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया.
वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने बेटे के चयन पर खुशी जताते हुए कहा था कि पूरा परिवार इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहा था. उन्होंने बताया कि वैभव बचपन से ही भारत के लिए खेलने का सपना देखते थे और अब उनकी मेहनत का फल उन्हें मिल गया है.
यह भी पढ़ें: पहले वैभव बढ़ा, अब आशीर्वाद मिलेगा! छोटा भाई भी क्रिकेटर बनने को तैयार
एक तरफ वैभव भारतीय टीम में जगह बनाकर चर्चा में हैं, तो दूसरी तरफ आशीर्वाद का यह शतक संकेत दे रहा है कि सूर्यवंशी परिवार में क्रिकेट प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. आने वाले समय में आशीर्वाद भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं.