Guru Margi 2026: वैदिक ज्योतिष के अनुसार गुरु ग्रह को बहुत शुभ और महत्वपूर्ण माना जाता है. यह ग्रह ज्ञान, शिक्षा, विवाह, संतान और भाग्य से जुड़ा होता है. जब गुरु की चाल या स्थिति में बदलाव होता है तो उसका असर सभी राशियों के जीवन पर पड़ता है. द्रिक पंचांग के मुताबिक, 11 मार्च 2026 को सुबह 8 बजकर 56 मिनट पर गुरु मिथुन राशि में मार्गी हो जाएंगे. गुरु की यह स्थिति 13 दिसंबर तक बनी रहेगी, इसके बाद वे फिर से वक्री हो जाएंगे. इस दौरान कुछ राशियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत हो सकती है. खासकर चार राशियों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. इन लोगों को इस अवधि में फैसले सोच-समझकर लेने की सलाह दी जाती है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लोगों के लिए गुरु का मार्गी होना कुछ मामलों में परेशानियां बढ़ा सकता है. कामकाज में रुकावट या योजनाओं में देरी होने की संभावना है. इस दौरान किसी भी तरह का बड़ा निवेश करने से बचना बेहतर रहेगा. जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में भी सतर्क रहने की जरूरत है. आर्थिक फैसले लेते समय जल्दबाजी न करें और किसी पर भी बिना सोचे-समझे भरोसा करने से बचें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लिए यह समय थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है. गुरु इस राशि के आठवें भाव से जुड़े प्रभाव दे सकते हैं, जिसे ज्योतिष में अचानक होने वाली घटनाओं और बदलाव का भाव माना जाता है. ऐसे में धन से जुड़े मामलों में जोखिम लेने से बचना चाहिए. निवेश या बड़े आर्थिक फैसलों को फिलहाल टालना बेहतर रहेगा. परिवार में भी कभी-कभी तनाव का माहौल बन सकता है, इसलिए धैर्य से काम लेना जरूरी है.
कर्क राशि
गुरु के मार्गी होने के दौरान कर्क राशि के लोगों को पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतनी चाहिए. नौकरी करने वाले लोगों को अपने काम पर खास ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी परेशानी का कारण बन सकती है. इस समय जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने से बचें. शांत दिमाग से काम करेंगे तो स्थितियां बेहतर तरीके से संभाली जा सकती हैं.
मकर राशि
मकर राशि के लोगों के लिए भी यह समय थोड़ा सतर्क रहने का संकेत देता है. किसी भी तरह के विवाद या बहस से दूर रहना बेहतर रहेगा. नौकरी या व्यापार से जुड़े कामों में लापरवाही न करें. साथ ही वाहन चलाते समय भी सावधानी रखना जरूरी है. गुस्से या जल्दबाजी में लिया गया फैसला नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाना ही समझदारी होगी.