scorecardresearch
 

Diwali 2026: 8 या 9 नवंबर कब है दीपावली? जानें लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Diwali 2026: दिवाली 2026 में 8 नवंबर को मनाई जाएगी. जानें दीपावली की सही तारीख, मां लक्ष्मी और गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धनतेरस से भाई दूज तक के त्योहारों की तारीखें.

Advertisement
X
दिवाली पर माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा करने से सुख-समृद्धि बढ़ती है. (Photo: ITG)
दिवाली पर माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा करने से सुख-समृद्धि बढ़ती है. (Photo: ITG)

Diwali 2026: दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के साथ घरों को दीपों और रोशनी से सजाने की परंपरा है. इस पर्व को सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. साल 2026 में दिवाली की तारीख को लेकर लोगों के बीच 8 और 9 नवंबर को लेकर असमंजस है. ऐसे में जानना जरूरी है कि दीपावली किस दिन मनाई जाएगी और लक्ष्मी पूजा के लिए कौन-सा समय शुभ रहेगा.

दिवाली 2026 की सही तारीख

हिंदू पंचांग के अनुसार, दीपावली कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाई जाती है. इस साल अमावस्या तिथि 8 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर समाप्त होगी. चूंकि 8 नवंबर की शाम को प्रदोष काल में अमावस्या तिथि रहेगी, इसलिए इसी दिन दिवाली मनाई जाएगी.

लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त

दिल्ली में 8 नवंबर को मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का शुभ समय शाम 5 बजकर 54 मिनट से रात 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. इस अवधि में प्रदोष काल और वृषभ काल का संयोग रहेगा, जिसे लक्ष्मी पूजा के लिए शुभ माना जाता है.

पूजा का समय शहर के अनुसार अलग हो सकता है. इसलिए अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार मुहूर्त की पुष्टि कर लें.

Advertisement

दिवाली पर कैसे करें लक्ष्मी-गणेश पूजा?

दीपावली के दिन घर और पूजा स्थल की सफाई करके शाम को चौकी पर लाल कपड़ा बिछाएं. इस पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें. इसके बाद इस विधि से पूजा कर सकते हैं:

1. भगवान गणेश का ध्यान करके पूजा शुरू करें.
2. मां लक्ष्मी को फूल, रोली, अक्षत और मिठाई अर्पित करें.
3. धूप-दीप जलाकर लक्ष्मी-गणेश की आरती करें.
4. परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना करें.
5. पूजा के बाद घर के मुख्य दरवाजे और सुरक्षित स्थानों पर दीपक जलाएं.

दीपक जलाते समय उन्हें पर्दों, कागज और अन्य ज्वलनशील चीजों से दूर रखें.

दिवाली क्यों मनाई जाती है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा करके अयोध्या लौटने की खुशी में नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था. इसी परंपरा से दिवाली को दीपों के त्योहार के रूप में मनाया जाता है.

इस दिन मां लक्ष्मी को धन-समृद्धि और भगवान गणेश को बुद्धि एवं शुभ शुरुआत का प्रतीक मानकर पूजा की जाती है. लोग अपने घरों के साथ दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी लक्ष्मी-गणेश पूजन करते हैं.

धनतेरस से भाई दूज तक त्योहारों की तारीखें

धनतेरस-  6 नवंबर 2026 
छोटी दीवाली-  7 नवंबर 2026
दिवाली और लक्ष्मी पूजा- 8 नवंबर 2026
गोवर्धन पूजा - 10 नवंबर 2026
भाई दूज- 11 नवंबर 2026 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement