राजस्थान के पाली में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक युवा डॉक्टर की जान चली गई. वहीं उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा टीपी नगर थाना क्षेत्र के नया गांव रोड पर गुरजार हॉस्टल के पास हुआ, जहां एक डंपर ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई.
एजेंसी के अनुसार, कार और डंपर एक ही दिशा में चल रहे थे. इसी दौरान डंपर चालक ने अचानक मोड़ लिया. कार चला रहे ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन दूरी कम होने के कारण वह टक्कर से बच नहीं सका. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे में जालोर जिले के दांता के रहने वाले 34 वर्षीय डॉक्टर शैलेश बिश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उनका शव पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा: बस से टक्कर के बाद कार में लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
वहीं, कार में सवार उनके साथी 30 वर्षीय गौरव सिंह, जो पाली के धींगाणा के रहने वाले हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.