scorecardresearch
 

नारकोटिक्स विभाग के अफसर को बात करने के बहाने रोका, चेहरे पर एसिड फेंक कर फरार हुए दो लोग

राजस्थान के प्रतापगढ़ में एक हैरान कर देने वाली वारदात हुई है. नारकोटिक्स विभाग के सब-इंस्पेक्टर को एक महिला और पुरुष ने बातचीत करने के बहाने रोका और फिर उन पर एसिड फेंक कर फरार हो गए. पुलिस ने आरोपी महिला और पुरुष को हिरासत में ले लिया है जबकि अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement
X
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को नारकोटिक्स विभाग के सब-इंस्पेक्टर पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक प्रतापगढ़ के एसपी विनीत बंसल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित सब-इंस्पेक्टर हर्षवर्धन और महिला एक-दूसरे को जानते थे. हालांकि, इस हमले के पीछे का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.

घटना तब हुई जब हर्षवर्धन अपनी कार से बामोत्रा क्षेत्र से गुजर रहे थे. महिला और उसका साथी उनकी गाड़ी को रोककर उनसे बातचीत करने लगे. बातचीत के कुछ देर बाद आरोपियों ने हर्षवर्धन पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गए. एसिड हमले में घायल हर्षवर्धन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. 

इस मामले को लेकर एसपी बंसल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. 

Advertisement

पुलिस का कहना है कि यह मामला व्यक्तिगत विवाद का हो सकता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही साफ तस्वीर सामने आएगी. घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने कहा है कि जल्द ही जांच पूरी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.


 

---- समाप्त ----

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement