ओडिशा के संबलपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. महानदी पुल पर खड़ी एक महिला ने अचानक नदी में छलांलगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना बुरला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. मृतका की पहचान अंजू कुम्हार के रूप में हुई है, जो बुरला इलाके की निवासी थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंजू पुल पर संदिग्ध हालत में खड़ी होकर नीचे नदी की ओर देख रही थी. वहां से गुजर रहे लोगों को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ और उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की. कुछ लोगों ने आगे बढ़कर उसे पकड़ने और रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह उनकी बातों पर ध्यान नहीं दे रही थी.
बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले अंजू अपने मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी.कॉल खत्म होने के कुछ ही क्षण बाद उसने अचानक पुल से नीचे छलांग लगा दी. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें लोग उसे रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.लेकिन वह नहीं मानी और कूद गई. सूचना मिलते ही बुरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला गया.उसकी हालत गंभीर थी और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में पुल पर पहुंची और उसने यह कदम क्यों उठाया.मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.