scorecardresearch
 

प्यार साबित करने टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी से फोन पर बात करने पर नीचे उतरी

विदिशा के गंजबासौदा क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. करीब तीन घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश से युवती नीचे उतरी. प्रेमी से फोन पर बात कराने के बाद मामला शांत हुआ और युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

Advertisement
X
पुलिस ने संभाली स्थिति.(Photo: Vivek Singh Thakur/ITG)
पुलिस ने संभाली स्थिति.(Photo: Vivek Singh Thakur/ITG)

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया, जहां गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम सिरावदा में 20 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. चिलचिलाती धूप में युवती करीब दो घंटे तक टावर पर खड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह शादी करेगी तो सिर्फ अपने प्रेमी से ही करेगी.

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवती को नीचे उतारने की कोशिश करने लगे. लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति टावर पर चढ़ने का प्रयास करता, युवती और ऊपर चढ़ जाती या नीचे लटकने लगती, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो गए.

यह भी पढ़ें: विदिशा: श्मशान घाट के पास कुत्ते के मुंह में मिला नवजात का शव, दिल दहला देने वाली घटना से मची सनसनी

मौके पर भीड़ लगातार बढ़ती गई और परिजन नीचे खड़े होकर युवती से उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही.

पुलिस और प्रशासन की समझाइश

सूचना मिलते ही तहसीलदार अरविंद यादव और टीआई संजय बेदिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की.

Advertisement

टीआई संजय बेदिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार युवती से बात की और उसे समझाने का प्रयास किया. प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लगातार स्थिति पर नजर रखी गई.

विदिशा

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती ने पुलिस की बात मान ली और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई. इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां से उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

प्रेमी से बातचीत के बाद खत्म हुआ ड्रामा

बताया गया कि युवती कंजना निवासी है और अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार के विरोध के कारण उसने यह कदम उठाया. घटना के दौरान भोपाल में काम करने वाले युवती के प्रेमी से मोबाइल पर उसकी बात कराई गई.

दोनों के बीच बातचीत होने के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई. करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस, प्रशासन और परिजनों की चिंता बढ़ी रही कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए.

अंततः प्रशासन और पुलिस की समझाइश से मामला शांत हो गया और युवती सुरक्षित अपने परिजनों के साथ घर लौट गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement