scorecardresearch
 

अमेजन पार्सल, 8 लाख UPI और अबॉर्शन... आरोपों पर आया ट्विशा की ससुराल का पक्ष

ट्विशा शर्मा मौत मामले में सास गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के वकील इनोश जॉर्ज कारलो ने आजतक को दिए इंटरव्यू में सभी आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि दहेज और हत्या के आरोप झूठे हैं और उनके पास सबूत मौजूद हैं. वकील ने दावा किया कि समर्थ की ओर से ट्विशा के खाते में 8 लाख रुपये यूपीआई से भेजे गए थे. उन्होंने बैंक डिटेल जांच की मांग की और कहा कि ट्विशा कई बार मायके गई थीं. गर्भपात और दबाव के आरोपों को भी उन्होंने गलत बताया. मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई.

Advertisement
X
ससुराल पक्ष ने ट्विशा के खाते में आठ लाख रुपये भेजने का दावा किया है. Photo ITG
ससुराल पक्ष ने ट्विशा के खाते में आठ लाख रुपये भेजने का दावा किया है. Photo ITG

ट्विशा शर्मा की मौत मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है. सास गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के वकील इनोश जार्ज कारलो ने आजतक को एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया.

वकील ने कहा कि ट्विशा के परिवार की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप पूरी तरह गलत हैं और उनके मुवक्किलों को झूठे केस में फंसाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि पुलिस और अदालत के सामने सभी जरूरी सबूत पहले ही पेश किए जा चुके हैं.

ट्विशा के खाते में आठ लाख भेजने का दावा
उन्होंने कहा कि आरोप लगाया गया है कि दो लाख रुपये दहेज की मांग की गई थी, जबकि पिछले चार से पांच महीनों में समर्थ सिंह की ओर से ट्विशा के बैंक खाते में करीब 8 लाख रुपये यूपीआई के जरिए भेजे गए थे, जिसकी रसीद भी कोर्ट में जमा की गई है. वकील ने सवाल उठाया कि जब पैसे दिए गए हैं तो दहेज मांगने का आरोप कैसे सही हो सकता है.

Advertisement

वकील ने यह भी कहा कि अब इस बात की जांच होनी चाहिए कि ट्विशा के खाते में आए इतने पैसों का उपयोग कहां हुआ. उनके अनुसार बैंक डिटेल्स की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

कई बार मायके जाने की बात सामने आई
इसके अलावा उन्होंने गर्भपात और दबाव के आरोपों को भी नकार दिया. वकील का कहना है कि ट्विशा कई बार अपने मायके गई थीं, ऐसे में अगर उन्हें कोई परेशानी थी तो वह वहीं रुक सकती थीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि ट्विशा की मौत के बाद घर में दो अमेजन पार्सल डिलीवर हुए थे, जिनकी जांच होनी चाहिए कि उन्हें किसने ऑर्डर किया था.

वकील ने कहा कि पूरा मामला एकतरफा बताया जा रहा है, जबकि उनके पास कई ऐसे तथ्य हैं जो मामले की दिशा बदल सकते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी सबूतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मामला पूरी तरह गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है.

पति की जमानत याचिका खारिज
ट्विशा शर्मा की भोपाल में हुई संदिग्ध मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है. पुलिस ने इस केस के मुख्य आरोपी और मृतका के पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. डीसीपी जोन-2 की ओर से इसके लिए आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है. साथ ही समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज कर दी गई है.

Advertisement

पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसकी लोकेशन ट्रैक करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं. यह घटना भोपाल स्थित ससुराल में हुई थी, जहां ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध हालात में मिला था. इस घटना के बाद परिजनों ने पति समर्थ सिंह और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार ने हत्या और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

ससुराल पक्ष ने क्या बताया?
वहीं दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि ट्विशा मानसिक रूप से अस्थिर थीं और ड्रग्स की आदी थीं. यह दावा समर्थ सिंह की मां गिरीबाला सिंह ने अपनी जमानत अर्जी में किया है, जो पेशे से रिटायर्ड जज हैं.

मैट्रिमोनियल साइट से हुई थी शादी
ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी. शादी एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए तय हुई थी और समारोह दिल्ली में संपन्न हुआ था. इसके बाद वह भोपाल में रहने लगी थीं.

सास के अनुसार, 12 मई की रात करीब 10 बजे उन्होंने घर की छत पर लोहे की सरियों से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्विशा पहले फिल्म और मॉडलिंग से जुड़ी रही थीं और उन्होंने कई क्षेत्रीय फिल्मों व विज्ञापनों में काम किया था, साथ ही वह एक निजी कंपनी में भी कार्यरत थीं और शादी के बाद भी वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement