scorecardresearch
 

प्रेम, शादी और धोखे का खूनी खेल... रेलवे टिकट से खुली हत्या की परतें, 3 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के भिंड में रेलवे का एक टिकट अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का सबसे बड़ा सुराग बन गया. मथुरा से ग्वालियर के टिकट के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले और एक महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया. जांच में सामने आया कि पति ने दूसरी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी.

Advertisement
X
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह.(Photo: Hemant Sharma/ITG)
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह.(Photo: Hemant Sharma/ITG)

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक रेलवे टिकट ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी है. पुलिस को हत्या के बाद ऐसा सुराग मिला, जिसने जांच की दिशा ही बदल दी. टिकट के सहारे पुलिस आरोपियों तक पहुंची और फिर जो कहानी सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया.

पूरा मामला भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव का है. 3 जून को गांव के पास बंबा किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था. शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: लखनऊ के संदीप सिंह हत्याकांड में बड़ा एक्शन, 1 लाख का इनामी बदमाश गंगाराम यादव गिरफ्तार

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को शव के पास एक रेलवे टिकट मिला. टिकट पर मथुरा से ग्वालियर तक की यात्रा दर्ज थी. यही टिकट इस पूरे हत्याकांड का सबसे अहम सुराग साबित हुआ और पुलिस ने इसी के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई.

रेलवे टिकट से शुरू हुई जांच

पुलिस की एक टीम रेलवे टिकट लेकर मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंची. वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में पुलिस को मृतका की साड़ी से मिलती-जुलती साड़ी पहने एक महिला दिखाई दी.

Advertisement

इसके बाद पुलिस ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंची. यहां के सीसीटीवी फुटेज में महिला के साथ दो युवक भी नजर आए. इसके बाद पुलिस ने सोनी रेलवे स्टेशन के कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जहां तक महिला दोनों युवकों के साथ दिखाई दी.

लोकल स्तर पर पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि सीसीटीवी में दिख रहा व्यक्ति अजनौल गांव निवासी नारायण बघेल है. इसके बाद पुलिस ने नारायण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं.

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

मेहगांव एसडीओपी संजय कोचा ने बताया कि करीब तीन साल पहले सूरत में नारायण बघेल की मुलाकात इंद्रावती से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में दोनों ने मंदिर में शादी कर ली.

जांच में यह भी सामने आया कि नारायण के पिछले करीब 10 वर्षों से भिंड की रहने वाली संगीता बघेल से भी प्रेम संबंध थे. संगीता लगातार नारायण पर शादी करने का दबाव बना रही थी. दूसरी ओर इंद्रावती भी चाहती थी कि नारायण उसे अपने गांव ले जाकर पत्नी के रूप में साथ रखे.

इंद्रावती पहले भी थाने में शिकायत कर चुकी थी कि नारायण उसे पत्नी का दर्जा देकर अपने साथ नहीं रख रहा है. इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने हत्या की साजिश रची.

Advertisement

सुनसान इलाके में ले जाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, नारायण ने अपने एक दोस्त और संगीता के साथ मिलकर इंद्रावती की हत्या की योजना बनाई. योजना के तहत वह इंद्रावती को मेहगांव लेकर आया और सुनसान इलाके में पहुंच गया.

वहां पहले उसका गला दबाकर हत्या की गई. इसके बाद पहचान मिटाने के इरादे से फावड़े से उसका सिर कुचल दिया गया, ताकि शव की पहचान न हो सके और पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे.

हालांकि, घटनास्थल पर छूटा रेलवे टिकट आरोपियों की सबसे बड़ी गलती साबित हुआ. इसी एक सुराग ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज तक पहुंचाया और फिर पूरी साजिश का खुलासा हो गया.

तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

एसडीओपी संजय कोचा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर हत्या में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई. पुलिस ने नारायण बघेल, उसके साथी और संगीता बघेल को गिरफ्तार कर लिया है.

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे मुख्य वजह प्रेम संबंध और शादी को लेकर बना दबाव था. मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement