MP News: इंदौर के MT-11 स्थित शिव वाटिका समृद्धि एनक्लेव में बुधवार रात चीख-पुकार और खून-खराबे में बदल गई. एक पेंटहाउस के संचालन और वहां होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चल रहा विवाद इतना बढ़ा कि पेंटहाउस मालिक के बेटे ने जानबूझकर तेज रफ्तार कार रहवासियों पर चढ़ा दी. इस दर्दनाक हादसे में आईटी कंपनी इन्फोसिस में कार्यरत इंजीनियर शम्पा पांडे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला रानू रावत घायल हैं.
टाउनशिप के रहवासियों ने पुलिस को दिए बयानों में गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि सोसाइटी में एक मोबाइल ऐप के जरिए पेंटहाउस का संचालन किया जा रहा था. वहां अक्सर विदेशी महिलाएं हिजाब पहनकर अनैतिक गतिविधियों के लिए आती थीं. रहवासियों के विरोध के चलते पेंटहाउस की लाइट बंद कर दी गई थी, जिससे मालिक कुलदीप चौधरी नाराज था.
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
बुधवार रात करीब 10:30 बजे जब कुलदीप चौधरी अपनी पत्नी के साथ पहुंचा, तो रहवासियों से उसकी जमकर बहस हुई. विवाद के बीच उसका 18 वर्षीय बेटा मोहनीश चौधरी भी वहां पहुंच गया.
मारपीट के दौरान जब मोहनीश कार लेकर भागने लगा और रहवासियों ने गेट बंद कर दिया, तो उसने गुस्से में कार मोड़कर सीधे वहां खड़े लोगों पर चढ़ा दी. शम्पा पांडे कार के नीचे दब गईं और वाहन उनके पेट के ऊपर से गुजर गया. अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. देखें VIDEO:-
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार कितनी बेरहमी से लोगों की ओर बढ़ाई गई. मृतका के पति सौरभ पांडे और अन्य चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में शामिल किया है.
पुलिस की कार्रवाई
लसूड़िया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोहनीश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब उन सभी पहलुओं की जांच कर रही है जिसमें पेंटहाउस में विदेशी महिलाओं के आने-जाने और अनैतिक देह व्यापार जैसे आरोप लगाए गए हैं.