मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने एक ऐसी गुत्थी सुलझाई है जिसके लिए पुलिस टीम को देश के कई राज्यों की खाक छाननी पड़ी. फेसबुक पर शुरू हुई एक पुरानी जान-पहचान ने कैसे एक परिवार को तबाह करने की कोशिश की, इसका सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने एक महिला और उसके दो बच्चों को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला करीब एक महीने पहले शुरू हुआ था, जब इंदौर के लसूडिया थाना इलाके से 34 वर्षीय एक महिला अपने दो बच्चों के साथ अचानक गायब हो गई.
जांच में पता चला कि महिला बिहार के बनवारीपुर निवासी विनय कुमार के संपर्क में थी. विनय महिला का पुराना पड़ोसी रह चुका था. फेसबुक के जरिए दोनों में दोबारा बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने महिला को सुनहरे सपने दिखाकर अपने झांसे में ले लिया और उसे लेकर फरार हो गया.
6 हजार किमी की लंबी दौड़
लसूडिया पुलिस के लिए यह केस किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था क्योंकि आरोपी शातिर था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया के नेतृत्व में पुलिस की टीम उसे तलाशते हुए तीन बार बिहार पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुका था. आखिरकार तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस की टीम महाराष्ट्र के कोल्हापुर पहुंची, जहां एक ठिकाने पर छापेमारी कर महिला और बच्चों को मुक्त कराया गया.
बंधक बनाकर किया रेप
जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी विनय कुमार महिला को अलग-अलग शहरों में ले जाकर बंधक बनाकर रखता था. उसने महिला के साथ लगातार रेप भी किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अब इस मामले में अपहरण की पुरानी शिकायत के साथ-साथ रेप की गंभीर धाराओं के तहत नया केस दर्ज किया गया है.