scorecardresearch
 

इंदौर में आधी रात को पैनिक... किल्लत के डर से लोगों ने फुल करा लीं गाड़ियों की टंकियां, पेट्रोल पंपों पर लगा हुजूम

Indore Petrol Diesel Rumors: इंदौर में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. सोशल मीडिया पर फैली एक गलत खबर के बाद शहर के तीन दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लोग इस कदर पैनिक हुए कि रात के अंधेरे में ही अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पंप कर्मियों से उलझते नजर आए.

Advertisement
X
इंदौर के 36 से ज्यादा पंपों पर अफरा-तफरी.(Photo:ITG)
इंदौर के 36 से ज्यादा पंपों पर अफरा-तफरी.(Photo:ITG)

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मंगलवार को अचानक पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह ने शहर में हलचल पैदा कर दी. किल्लत की आशंका के चलते शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर देखते ही देखते वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं. हालात यहां तक पहुंच गए कि कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने की नौबत आ गई और लोग बंद पंपों के बाहर भी इंतजार करते देखे गए.

दरअसल, सोशल मीडिया और वॉट्सएप ग्रुप्स पर यह खबर फैल गई कि आने वाले दिनों में पेट्रोल की सप्लाई बाधित हो सकती है. इस आशंका के चलते लोग काम-धंधा छोड़कर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े. जल्दबाजी में लोगों ने न सिर्फ अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराईं, बल्कि अतिरिक्त डिब्बों में भी ईंधन भरने की कोशिश की, जिससे अव्यवस्था फैल गई.

प्रशासन बोला- पर्याप्त है स्टॉक
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने साफ किया कि इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है.

उन्होंने बताया कि जिले के मुख्य डिपो में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है. टैंकरों के माध्यम से डीलर्स को लगातार सप्लाई की जा रही है. जिन पंपों पर स्टॉक कम हुआ है, वहां रात में ही टैंकर पहुंच जाएंगे और सुबह से व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहेगी.

Advertisement

अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं
इंदौर कलेक्टर और जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो लोग सोशल मीडिया के जरिए पेट्रोल की कमी की अफवाह फैला रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement