मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है. युवक ने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. जहर खाने से पहले उसने मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड कर अपना दर्द बयां किया और उसे हाउसिंग सोसायटी के ग्रुप में शेयर कर दिया. फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित मानपुर सरकारी मल्टी हाउसिंग सोसायटी का है. यहां रहने वाला वेंकट शर्मा एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते उसने अपने फ्लैट में जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
यह भी पढ़ें: 'काला कहकर ताने देती है, iPhone-AC मांगती है...' ग्वालियर में बहू से परेशान मां-बेटा पहुंचे SP ऑफिस
जहर खाने से पहले बनाए गए वीडियो में वेंकट शर्मा ने अपनी पत्नी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. युवक का कहना है कि उसकी पत्नी के कई लोगों से अवैध संबंध हैं और वह रातभर कुछ लोगों से फोन पर बात करती है. वीडियो में उसने बड़ागांव इलाके के सरपंच का नाम भी लिया है. युवक ने आरोप लगाया कि जब उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की तो उसे जान से मारने की धमकी दिलवाई गई.
बेटे से दूर करने का भी लगाया आरोप
वेंकट शर्मा ने वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी उसे उसके बेटे से मिलने नहीं दे रही है, जिससे वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन में आ गया है. उसने आरोप लगाया कि पत्नी को लग्जरी शौक हैं और वह लगातार उसे प्रताड़ित कर रही है.
वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि यदि जहर खाने के बाद उसे कुछ हो जाता है तो उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी, सास और पत्नी से फोन पर बात करने वाले लोग जिम्मेदार होंगे. घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया और वीडियो तेजी से वायरल हो गया.
देखें वीडियो...
सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, वेंकट शर्मा के बयान और वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी. फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
घटना के बाद मानपुर सरकारी मल्टी हाउसिंग सोसायटी में चर्चा का माहौल है. पड़ोसियों के मुताबिक, युवक मानसिक तनाव में था और पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा था.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. मामले में वीडियो, पारिवारिक विवाद और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.