scorecardresearch
 

मां ने तरस खाकर रस्सी खोली और उसने पूरी फैमिली को खत्म कर दिया... घर में 4 घंटे तक चला खूनी खेल

Anuppur Crime News: अनूपपुर के अमोडा गांव में मानसिक विक्षिप्त युवक ने लाठी-पत्थरों से हमला कर मां, नाना-नानी और 5 साल की बहन को मार डाला. पुजारी को भी पीटा. पढ़ें इस खौफनाक वारदात की पूरी रिपोर्ट.

Advertisement
X
मंदिर के पुजारी को पीटा तो ग्रामीणों ने बांध दिया था सिरफिरा. (Photo: AI generated/For representation)
मंदिर के पुजारी को पीटा तो ग्रामीणों ने बांध दिया था सिरफिरा. (Photo: AI generated/For representation)

मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अमोडा गांव में एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति प्रेम सिंह ने अपनी मां, नाना, नानी और 5 साल की ममेरी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी. जिला मुख्यालय से लगभग 80 किमी दूर हुए इस खूनी घटनाक्रम में आरोपी ने लाठी और पत्थरों से वार कर 4 अन्य लोगों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि करनपाथर थाना इलाके का यह मामला है. घटना तड़के सुबह 2 बजे से 5:30 बजे के बीच घटी.

उमरिया जिले का रहने वाला आरोपी प्रेम सिंह हिंसक व्यवहार का आदी रहा है. शनिवार रात सबसे पहले उसने गांव के पास स्थित शनि मंदिर के पुजारी गंगाराम पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर बेहोश हो गए. चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आरोपी को काबू में किया और एक जगह रस्सी से बांध दिया. गंभीर रूप से घायल पुजारी को परिजन जबलपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

मां ने तरस खाकर खोली रस्सी

तड़के करीब 4 बजे आरोपी की मां अनुप्रिया बाई ने तरस खाकर बेटे को रस्सी से आजाद कर दिया. लेकिन रस्सी खुलते ही आरोपी सीधे नाना-नानी के घर पहुंचा, वहां नहाया और फिर अचानक लाठी व पत्थर उठाकर परिजनों पर टूट पड़ा.

Advertisement

उसने सबसे पहले अपनी नानी भन्नी बाई (70), नाना संपत सिंह (75), मां अनुप्रिया बाई (50) और 5 साल की ममेरी बहन मोनिका के सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए. हमले में संपत सिंह, भन्नी बाई और अनुप्रिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई.

घर से भागकर बच्ची ने दी सूचना

हमले के दौरान घर में मौजूद एक छोटी बच्ची किसी तरह जान बचाकर बाहर भागी और रिश्तेदार चैन सिंह को पूरी बात बताई. जब चैन सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और सिर में गंभीर चोट आई.

बाद में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद आरोपी प्रेम सिंह को दोबारा दबोचा और रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले किया. पुलिस घायलों को तुरंत शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान 5 साल की मासूम मोनिका ने भी दम तोड़ दिया. घटना में दो अन्य बच्चे चंचल और भारती भी घायल हुए हैं.

पत्नी 3 साल पहले छोड़ चुकी थी

परिजनों के अनुसार, मां अनुप्रिया बाई अपनी तबीयत खराब होने के कारण एक सप्ताह पहले ही उमरिया से अपने मायके अमोडा आई थीं, जबकि प्रेम सिंह तीन दिन पहले ही आया था.

Advertisement

रिश्तेदारों का कहना है कि प्रेम सिंह का हिंसक व्यवहार काफी समय से था और वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके चलते उसकी पत्नी 3 साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी. पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement