How to make Room cool: इस समय भारत के ज्यादातर इलाकों में पड़ रही भीषण और चिलचिलाती गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ रखा है. दोपहर के वक्त धूप और लू का टॉर्चर इतना बढ़ जाता है कि घरों में लगे कूलर गर्म हवा फेंकने लगते हैं और लगातार चलने के बाद AC भी कमरे को ठीक से ठंडा नहीं कर पाते. ऐसे में घर की दीवारें और छत भट्टी की तरह तपने लगती हैं जिससे कमरों में बैठना या रात को सोना मुहाल हो जाता है.
अगर आपके घर में भी भारी-भरकम बिजली बिल आने के बावजूद AC-कूलर इस भीषण गर्मी के आगे सरेंडर कर रहे हैं तो अब कुछ स्मार्ट और पारंपरिक देसी ट्रिक्स अपनाने का वक्त आ गया है. इन आसान और जेब पर भारी न पड़ने वाले घरेलू उपायों की मदद से आप अपने कमरे को तपती तपती दोपहर में भी नेचुरल तरीके से ठंडा-ठंडा और रिफ्रेशिंग रख सकते हैं.
कमरा ठंडा रखने के असरदार ट्रिक्स
कूलर के लिए बर्फ और क्रॉस वेंटिलेशन ट्रिक: अगर कूलर गर्म हवा दे रहा है तो उसके पानी के टैंक में कुछ बर्फ के टुकड़े या आइस पैक डाल दें. सबसे जरूरी बात कूलर को कभी भी पूरी तरह बंद कमरे में न चलाएं. इसे खिड़की और दरवाजे के पास रखें या फिर कमरे की एक खिड़की और दरवाजा थोड़ा खुला रखें ताकि क्रॉस वेंटिलेशन हो सके और कमरे में ह्यूमिडिटी न बढ़े.
खिड़कियों पर लगाएं गीली खस या मोटे पर्दे: सूरज की सीधी धूप को कमरे में आने से रोकने के लिए खिड़कियों पर गहरे रंग के या थर्मल इंसुलेटेड पर्दे डालकर रखें. अगर संभव हो तो खिड़कियों पर पारंपरिक खस की चटाई या मोटे सूती पर्दे लटकाकर उन पर पानी छिड़क दें. इससे बाहर से आने वाली हवा बेहद ठंडी हो जाएगी.
एग्जॉस्ट फैन का सही इस्तेमाल: शाम के समय जब बाहर का तापमान कमरे के अंदर की तुलना में थोड़ा कम हो जाए तो कमरे का एग्जॉस्ट फैन ऑन कर दें. यह कमरे के भीतर फंसी दिनभर की गर्म हवा और उमस को झटपट बाहर फेंक देगा, जिससे कमरा जल्दी ठंडा होगा.
छत और फर्श को रखें कूल: अगर आप सबसे ऊपरी मंजिल पर रहते हैं तो धूप ढलने के बाद शाम को छत पर पानी का छिड़काव जरूर करें. इसके अलावा दिन में दो बार ठंडे पानी में थोड़ा सा सेंधा नमक या पुदीने का अर्क मिलाकर फर्श पर पोछा लगाएं, इससे कमरे का तापमान कम हो जाता है.
इंडोर प्लांट्स और सीलिंग फैन की दिशा: मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, एलोवेरा और फर्न जैसे पौधे घर के अंदर रखें. ये हवा को शुद्ध करने के साथ-साथ कमरे में नेचुरल कूलिंग बनाए रखते हैं. साथ ही यह सुनिश्चित करें कि आपके सीलिंग फैन की ब्लेड्स काउंटर-क्लॉकवाइज (घड़ी की उल्टी दिशा) घूम रही हों ताकि हवा सीधे नीचे की तरफ आए.