घर में रखा लकड़ी फर्नीचर उसकी खूबसूरती बढ़ाने का काम करता है. लेकिन लकड़ी के फर्नीचर पर चाहे डाइनिंग टेबल हो, कुर्सियां, अलमारी, बेड या सेंटर टेबल, समय के साथ खरोंच पड़ जाती हैं. ये बहुत ही आम बात है. कई बार बच्चों की शरारत, पालतू जानवरों के नाखून या रोजाना इस्तेमाल होने की वजह से फर्नीचर अपनी चमक भी खोने लगती है. ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि अब इसे बदलने या दोबारा पॉलिश कराने पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ेंगे.
लेकिन ऐसा करना बिल्कुल जरूरी नहीं है. अच्छी बात ये है कि फर्नीचर पर आई हर खरोंच का मतलब नया फर्नीचर खरीदना नहीं होता. अगर खरोंच ज्यादा गहरी नहीं है, तो घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों और आसान तरीकों की मदद से आप लकड़ी के फर्नीचर की खोई रौनक काफी हद तक वापस ला सकते हैं. ये उपाय न सिर्फ आपके पैसे बचाएंगे, बल्कि पुराने फर्नीचर को भी लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखने में मदद करेंगे. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान और असरदार तरीके, जिनसे खरोंच वाले लकड़ी के फर्नीचर की खूबसूरती फिर से लौटाई जा सकती है.
सबसे पहले जानें खरोंच कितनी गहरी है
खरोंच ठीक करने के लिए किसी भी उपाय को अपनाने से पहले ये देख लें कि खरोंच सिर्फ ऊपर की पॉलिश तक है या लकड़ी तक पहुंच गई है. हल्की खरोंचों को घर में मौजूद चीजों से ठीक किया जा सकता है, जबकि गहरी खरोंच के लिए थोड़ा अलग तरीका अपनाना पड़ता है.
अखरोट से छिप सकती है हल्की खरोंच: अगर घर में अखरोट है तो उसका दाना खरोंच वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ें. इसमें मौजूद नेचुरल तेल लकड़ी में समा जाते हैं और खरोंच पहले से कम नजर आने लगती है. इसके बाद मुलायम कपड़े से पोंछ दें. ये तरीका गहरे रंग की लकड़ी पर बहुत अच्छा असर दिखाता है.
जैतून का तेल और सिरका भी आ सकते हैं काम: खरोंच का निशान मिटाने के लिए आप थोड़ा सा जैतून का तेल और सफेद सिरका मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. जैतून का तेल और सफेद सिरके को मिलाकर एक लिक्विड बना लें. इसमें एक मुलायम कपड़ा भिगोकर खरोंच वाली जगह पर लगाएं. कुछ मिनट छोड़ने के बाद साफ कपड़े से पॉलिश कर दें. इससे लकड़ी की चमक लौटने में मदद मिल सकती है और हल्की खरोंच कम दिखाई देती है.
गहरी खरोंच के लिए इस्तेमाल करें वुड फिलर: अगर खरोंच काफी गहरी है और लकड़ी साफ नजर आ रही है, तो वुड फिलर का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है. फिलर सूखने के बाद उसे हल्के रेगमाल से उसके सरफेस को समतल करें और जरूरत हो तो उसी रंग की पॉलिश या टच-अप मार्कर लगा दें, ताकि निशान आसानी से छिप जाए.
रिपेयर के बाद सुरक्षा भी जरूरी
जब खरोंच ठीक हो जाए तो फर्नीचर पर वैक्स, पॉलिश या प्रोटेक्टिव फिनिश की हल्की लेयर लगा दें. इससे लकड़ी की चमक बनी रहती है और दोबारा खरोंच पड़ने का खतरा भी कम हो जाता है. इसके साथ ही भारी सामान को घसीटने की बजाय उठाकर रखें और रोजाना लकड़ी के फर्नीचर की माइक्रोफाइबर कपड़े से सफाई करते रहें.