scorecardresearch
 

Fridge Care Tips: फ्रीजर में जम गई बर्फ की मोटी परत? इन 3 आसान तरीकों से मिनटों में करें डीफ्रॉस्ट

Fridge Care Tips: फ्रिज के फ्रीजर में बर्फ की मोटी परत जम गई है और सामान रखने की जगह कम पड़ रही है? ज्यादा बर्फ जमने से फ्रिज की कूलिंग पर भी असर पड़ सकता है और बिजली की खपत बढ़ सकती है. ऐसे में बार-बार मैकेनिक बुलाने की जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं फ्रीजर में बर्फ जमने की वजह और इसे घर पर ही सुरक्षित तरीके से हटाने के 3 आसान तरीके.

Advertisement
X
फ्रीजर की बर्फ पिघलाने के लिए हर बार मेकेनिक को बुलाने की जरूरत नहीं है. (Photo: ITG)
फ्रीजर की बर्फ पिघलाने के लिए हर बार मेकेनिक को बुलाने की जरूरत नहीं है. (Photo: ITG)

गर्मियों में हो या सर्दियों में, फ्रिज रसोई का ऐसा साथी है, जिसके बिना काम चलाना मुश्किल हो जाता है. दूध, सब्जियां, फल और बचा हुआ खाना फ्रेश रखने के लिए लोग हर दिन इसका इस्तेमाल करते हैं. लेकिन कई बार फ्रिज के फ्रीजर में इतनी ज्यादा बर्फ जम जाती है कि सामान रखने की जगह ही नहीं बचती. धीरे-धीरे बर्फ की मोटी परत जमने लगती है और फ्रीजर के अंदर का हिस्सा किसी बर्फ के पहाड़ जैसा दिखने लगता है. इससे ना केवल सामान रखने की समस्या खड़ी होती है, बल्कि फ्रिज की ठंडक भी कम हो जाती है.

अगर आपके घर में भी पुराने फ्रिज के साथ यही परेशानी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें. ज्यादा बर्फ जमने से फ्रीजर में जगह कम हो जाती है और उसकी कूलिंग पर भी असर पड़ सकता है. ऐसे में फ्रिज को सही तरीके से काम करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है. लेकिन इसके लिए हर बार मैकेनिक बुलाने या पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. आप घर पर ही कुछ आसान तरीकों से फ्रीजर की बर्फ हटा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 3 तरीके, जिनसे बर्फ को सुरक्षित तरीके से पिघलाया जा सकता है.

फ्रीजर में ज्यादा बर्फ क्यों जमती है?
जब भी आप फ्रिज का दरवाजा खोलते हैं, तो गर्म और नमी वाली हवा अंदर जाती है. फ्रीजर की ठंडक के कॉन्टैक्ट में आते ही ये नमी जमकर बर्फ बन जाती है. बार-बार दरवाजा खोलने, रबर सील ढीली होने या दरवाजा ठीक से बंद न होने पर बर्फ की मोटी परत जम सकती है.

ज्यादा बर्फ जमने से क्या नुकसान होता है?
फ्रीजर में ज्यादा बर्फ जमने से सामान रखने की जगह कम हो जाती है. कुछ फ्रिज में इससे एयर फ्लो और कूलिंग पर भी बुरा असर पड़ सकता है. इसलिए बर्फ की मोटी परत जमने पर उसे ध्यान से हटाना जरूरी है.

घर पर फ्रीजर की बर्फ हटाने के 3 आसान तरीके

1. फ्रिज बंद करके बर्फ पिघलने दें: सबसे पहले फ्रिज का स्विच बंद करके प्लग निकाल दें और फ्रीजर से सारा सामान बाहर निकाल लें. अब दरवाजा खुला छोड़कर नीचे पुराने तौलिए बिछा दें. कुछ देर में बर्फ अपने आप पिघलने लगेगी. बर्फ ढीली होने पर उसे प्लास्टिक स्पैटुला से धीरे-धीरे हटा दें.

Advertisement

ध्यान दें: बर्फ हटाने के लिए चाकू, पेचकस या किसी नुकीली धातु की चीज का इस्तेमाल न करें. इससे फ्रीजर को नुकसान पहुंच सकता है.

2. गर्म पानी की भाप से पिघलाएं बर्फ: फ्रिज का प्लग निकालने के बाद गर्म पानी को किसी गर्मी सहने वाले बर्तन में भरकर फ्रीजर के अंदर सुरक्षित जगह पर रखें. भाप से बर्फ जल्दी ढीली होने लगेगी. पानी ठंडा होने पर जरूरत के हिसाब से बदल सकते हैं. बर्फ सॉफ्ट होने पर उसे ध्यान से हटा दें.

ध्यान दें: उबलता पानी इस्तेमाल न करें और गर्म बर्तन को फ्रीजर में सीधे न रखें. पानी को इलेक्ट्रिकल हिस्सों से दूर रखें.

3. पंखे की हवा से हटाएं बर्फ: फ्रिज का प्लग निकालकर फ्रीजर का दरवाजा खुला छोड़ दें. अब बाहर से पंखे की नॉर्मल हवा फ्रीजर की तरफ आने दें. इससे बर्फ धीरे-धीरे पिघलने लगेगी. नीचे तौलिए बिछाकर रखें और बर्फ ढीली होने पर उसे प्लास्टिक स्पैटुला से हटा दें. इस तरीके में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है, लेकिन बर्फ को खुरचने की जरूरत नहीं पड़ती.

बर्फ हटाने के बाद इन बातों का रखें ध्यान
फ्रीजर की बर्फ पिघलने के बाद अंदर का पानी साफ कपड़े से पोंछकर अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद फ्रिज का दोबारा प्लग लगाकर चालू करें और अच्छे से ठंडा होने पर ही सामान वापस रखें. फ्रिज का तापमान करीब 4°C या उससे कम और फ्रीजर का -18°C रखना बेहतर है.

बार-बार बर्फ जम रही है तो क्या करें?
अगर फ्रीजर में बार-बार मोटी बर्फ जम रही है, तो दरवाजे की रबर सील चेक करें. सील ढीली या खराब होने पर नमी वाली हवा अंदर जा सकती है. फ्रॉस्ट-फ्री फ्रिज में भी ज्यादा बर्फ जम रही है, तो डीफ्रॉस्ट सिस्टम में खराबी हो सकती है. ऐसे में मैकेनिक से चेक करवाएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement