scorecardresearch
 

Helmet hair loss: क्या हेलमेट पहनने से सचमुच उड़ जाते हैं सिर के बाल? मुंबई की डॉक्टर ने खोला राज

बाइक चलाने वालों के लिए हेलमेट सुरक्षा की गारंटी है, लेकिन अक्सर लोग इसे बाल झड़ने की वजह मान लेते हैं. इस बारे में डॉक्टर्स का क्या कहना है, इस बारे में जानेंगे.

Advertisement
X
हेयरफॉल आज के समय में काफी बड़ी समस्या है. (Photo: ITG)
हेयरफॉल आज के समय में काफी बड़ी समस्या है. (Photo: ITG)

Helmet hair loss: सड़क पर बाइक या स्कूटी चलाते समय हेलमेट लगाना जरूरी है और यह एक अनिवार्य कानून भी है जिसे फॉलो करना जरूरी है. कई ऐसे मामले देखे गए हैं जिसमें हेलमेट ने जान बचाई है. लेकिन टू-व्हीलर चलाने वाले युवाओं के बीच एक बड़ा डर यह रहता है कि रोज हेलमेट लगाने से उनके बाल झड़ जाते हैं. कई लोग तो अपने गंजेपन का पूरा ठीकरा हेलमेट पर ही फोड़ देते हैं. मुंबई की डर्मेटोलॉजिस्ट और मेडिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हेलमेट सीधे तौर पर आपके बाल झड़ने या आपको गंजा करने के लिए जिम्मेदार नहीं होता है. यह महज एक मिथक है, क्योंकि बाल झड़ने के असली कारण जेनेटिक और इंटरनल होते हैं.

विदेशी रिसर्च और एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?

ग्लोबल मेडिकल वेबसाइट्स और रिसर्च भी इस बात की पुष्टि करती हैं कि हेलमेट पहनने से परमानेंट हेयर लॉस नहीं होता. हेल्थलाइन का कहना है कि पुरुषों में गंजेपन का सबसे बड़ा कारण एंड्रोजेनिक एलोपेसिया यानी मेल पैटर्न बाल्डनेस (Male Pattern Baldness) होता है जो पूरी तरह जेनेटिक और हार्मोनल होता है. सिर पर किसी चीज को पहनने से आपके बालों के फॉलिकल्स के डीएनए नहीं बदल जाते. हेलमेट लगाने से बाल तभी कमजोर हो सकते हैं जब उसे गलत तरीके से पहना जाए या साफ-सफाई का ध्यान न रखा जाए.

मुंबई के जसलोक हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च सेंटर में त्वचा विज्ञान और ट्राइकोलॉजी डिपार्टमेंट में कंसल्टेंट डॉ. मैथिली कामत का कहना है, 'हेलमेट लगाने से बाल नहीं झड़ते. हार्मोन में बदलाव बाल झड़ने के मुख्य कारणों में से एक है. इसके अलावा महिलाओं में थायरॉइड और पीसीओडी जैसे लक्षण भी हेयर फॉल का कारण बनते हैं. इसका सीधा गुनहगार हेलमेट को बताना सही नहीं है.'

Advertisement

'यदि महिलाएं पोनीटेल जैसी टाइटहेयरस्टाइल के साथ हेलमेट पहनती हैं तो इससे घर्षण हो सकता है और बाल टूट सकते हैं.'

मुंबई की स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. शरीफा चौसे का कहना है, 'टाइट हेलमेट पहनने से बालों की जड़े कमजोर हो सकती हैं. इसके अलावा सही फिटिंग का हेलमेट न पहनने से पसीना और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यदि हेलमेट सही साइज का ना हो और उसकी सफाई ठीक से न की जाए तो यह समस्या और भी बढ़ सकती है.'

स्कैल्प इन्फेक्शन का खतरा

डॉ. शरीफा कहती हैं कि यदि आपका हेलमेट बहुत ज्यादा टाइट है तो उसे बार-बार पहनने और उतारने से बालों की जड़ों पर लगातार खिंचाव और दबाव पड़ता है. मेडिकल साइंस में इस स्थिति को ट्रैक्शन एलोपेसिया (Traction Alopecia) कहा जाता है. इसके अलावा लंबे समय तक हेलमेट पहनने से सिर में पसीना जमा होता है और यदि उसे सही से न धोया जाए तो बालों पर असर हो सकता है.

मस्क क्लीनिक के डॉक्टर्स के अनुसार, यह पसीना और गंदगी स्कैल्प पर बैक्टीरिया और फंगल इन्फेक्शन को जन्म देते हैं, जिससे डैंड्रफ बढ़ता है और बाल जड़ से कमजोर होकर टूटने लगते हैं.

बालों को सुरक्षित रखने के टिप्स

हेलमेट लगाते समय बालों की सुरक्षा करने के लिए आप सबसे पहले सही साइज का हेलमेट चुनें जो न ज्यादा टाइट हो और न ज्यादा लूज. हेलमेट पहनने से पहले सिर पर सूती (कॉटन) का साफ कपड़ा या स्कार्फ जरूर बांधें, ताकि वह पसीने को सोख सके. इसके अलावा अपने हेलमेट की अंदरूनी लाइनिंग को हफ्ते में एक बार जरूर साफ करें. कभी भी गीले बालों में हेलमेट न पहनें क्योंकि गीले बाल सबसे ज्यादा कमजोर होते हैं और घर्षण की वजह से तुरंत टूट जाते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement