कटलेट्स बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को भी खूब पसंद आते हैं. लेकिन बाजार के कटलेट्स आमतौर पर तेल में डीप फ्राई किए जाते हैं. लेकिन अगर आप हेल्दी और टेस्टी कटलेट्स खाना चाहते हैं तो बिना फ्राई किए मिक्स वेज कटलेट्स आपके लिए बहुत अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं.
बिना तले और बिना डीप फ्राई किए तैयार होने वाले ये हेल्दी पनीर कटलेट न केवल प्रोटीन से भरपूर हैं बल्कि इनका टेक्सचर और स्वाद किसी फ्राइड स्नैक से कम नहीं है. प्रोटीन के साथ-साथ सब्जियों के गुणों से भरपूर यह डिश बच्चों के टिफिन और शाम की चाय के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यहां हम आपको इसकी रेसिपी बता रहे हैं.
हेल्दी पनीर कटलेट के लिए आपको चाहिए होंगी ये चीजें
उबले आलू: 1 मध्यम (बाइंडिंग के लिए, अच्छी तरह मैश किया हुआ)
बारीक कटी सब्जियां: (गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न)
पनीर: 200 ग्राम मैश किया हुआ
अदरक-मिर्च का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
ओट्स का पाउडर: 2-3 बड़े चम्मच (बाइंडिंग और कुरकुरेपन के लिए)
मसाले: (नमक, काली मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला)
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
तेल: ग्रीसिंग के लिए (ऑप्शनल)
बनाने का तरीका
कटलेट बनाने के लिए एक बड़े बाउल में उबला आलू और पनीर को कद्दूकस करके मैश कर ले. इसके बाद इसमें सारी कटी हुई सब्जियां डालें और अच्छी तरह मिक्स करें.
अब इसमें अदरक-मिर्च पेस्ट, सारे सूखे मसाले और हरा धनिया मिलाएं.
अब मिश्रण में ओट्स पाउडर मिलाएं. यह बाइंडिंग का काम करता है. साथ ही एक्स्ट्रा नमी भी सोखता है. ओट्स पाउडर से कटलेट बिना फ्राई किए भी क्रिस्पी और कुरकुरे बनते हैं.
इसके बाद अपने हाथों को थोड़ा सा गीला करें और मिश्रण से मनचाहे आकार के कटलेट तैयार कर लें.
अब एक नॉन-स्टिक तवे या अप्पम पैन को हल्का सा ग्रीस करें. कटलेट को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक सेकें. इसके अलावा अगर आप चाहें तो 10-12 मिनट के लिए कटलेट्स को एयर फ्राई कर सकते हैं.