एवोकाडो जिसे सुपरफूड की लिस्ट में सबसे ऊपर रखा जाता है. आज भारतीय घरों की किचन का भी हिस्सा बनता जा रहा है. टोस्ट पर फैलाना हो या सलाद में मिलाना इसका क्रीमी स्वाद हर किसी को पसंद आता है. लेकिन एक बड़ी समस्या तब आती है जब इसे काटने की बारी आती है.
बीच में मौजूद बड़ा और सख्त बीज अक्सर लोगों को उलझन में डाल देता है. अगर आप भी अब तक एवोकाडो को गलत तरीके से काट रहे थे या इसे काटने के नाम से घबराते हैं तो यहां हम आपको इसे काटने का आसान तरीका बता रहे हैं.
एवोकाडो काटने के लिए क्या है बेस्ट तरीका
सबसे पहले यह चेक कर लें कि एवोकाडो पका हुआ है या नहीं. इसे खाने के लिए इसका पका होना जरूरी है. एवोकाडो को हल्का दबाएं, अगर यह थोड़ा भी दबता है तो यह खाने के लिए तैयार है.
एवोकाडो को हथेली या फिर चॉपिंग बोर्ड पर रखें और एक तेज चाकू से इसे लंबाई में बीच से काटें. चाकू को तब तक अंदर ले जाएं जब तक वह बीज से न टकरा जाए.
चाकू को बीज के चारों ओर घुमाते हुए पूरा घेरा बना लें. अब दोनों हिस्सों को अपने हाथों से पकड़ें और उलटी दिशा में घुमाएं (Twist). एवोकाडो आसानी से दो भागों में अलग हो जाएगा.
जिस हिस्से में बीज लगा है, उस पर सावधानी से चाकू मारें ताकि चाकू बीज में धंस जाए, फिर उसे हल्का सा घुमाकर बाहर खींच लें.
अब एक बड़े चम्मच का उपयोग करें. चम्मच को छिलके और पल्प के बीच डालें और किनारे-किनारे घुमाते हुए पूरा गूदा बाहर निकाल लें.
अब आप इस पल्प को अपनी पसंद के अनुसार स्लाइस या छोटे क्यूब्स में काट सकते हैं.