scorecardresearch
 

How To Use Leftover Milk: फ्रिज में इकट्ठा हो गया है कई दिन का दूध? खराब समझने की ना करें भूल! इन 6 तरीकों से घर में करें इस्तेमाल

How To Use Leftover Milk: क्या आपके घर में भी दूध बच जाता है? उसे खराब समझकर अगर फेंकने जा रहे हैं तो रुक जाएं. पुराने या बचे हुए दूध को आप 6 आसान तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं. इसकी मदद स आप पनीर, दही, छाछ, घी और कई स्वादिष्ट चीजें बना सकते हैं, साथ ही फूड वेस्ट और पैसों की बचत भी कर सकते हैं.

Advertisement
X
बचे हुए दूध को छाछ बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)
बचे हुए दूध को छाछ बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)

How To Use Leftover Milk: घरों में दूध रोजाना आता है, लेकिन कई बार थोड़ा-थोड़ा दूध बच जाता है. अक्सर ऐसा होता है कि घर में जो दूध बच जाता है या फिर एक-दो दिन पुराना हो जाता है उसे लोग पीने के बजाय बेकार समझने लगते हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग उसे खराब समझकर सीधे सिंक में बहा देते हैं या फेंक देते हैं. क्या आप भी पुराने दूध के साथ ऐसा ही करते हैं? अगर हां, तो ये खबर आपके लिए है. आपको जानकर हैरानी होगी कि जरूरी नहीं कि हर बार पुराना दूध खराब हो गया हो. अगर दूध में तेज बदबू, फफूंदी या पूरी तरह खराब होने के कोई संकेत नहीं हैं, तो उसे नाली में बहाना बेकार है.

आप फ्रिज में रखे उस दूध का कई स्वादिष्ट और काम की चीजें बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं. इतना ही नहीं, इससे खाने की बर्बादी भी कम होती है और आपके पैसे भी बचते हैं. आइए जानते हैं पुराने या बचे हुए दूध का दोबारा इस्तेमाल करने के 6 आसान और स्मार्ट तरीके.

1. घर पर बनाएं स्वादिष्ट छाछ: अगर फ्रिज में एक-दो दिन पुराना दूध रखा है, तो उससे आसानी से छाछ बनाई जा सकती है. इसके लिए दूध में थोड़ा-सा दही डालकर उसे जमा दें. जब दही तैयार हो जाए, तो उसमें पानी, भुना जीरा, काला नमक और बारीक कटा हरा धनिया मिलाकर टेस्टी छाछ बनाई जा सकती है. गर्मियों में छाछ किसी वरदान से कम नहीं है. ये शरीर को ठंडक भी देती है.

2. पुराने दूध से बनाएं देसी घी: पुराने दूध से निकली मलाई को इकट्ठा करके स्वादिष्ट देसी घी बनाया जा सकता है. मलाई को हमेशा धीमी आंच पर पकाना चाहिए. धीरे-धीरे इसमें मौजूद पानी सूख जाएगा और दूध के ठोस हिस्से अलग होने लगेंगे. जब ये सुनहरा भूरा हो जाए, तो इसे छान लें. आपका घर का बना शुद्ध घी तैयार है.

3. केक और बेकिंग में करें इस्तेमाल: अगर आप घर पर केक, मफिन, पैनकेक, कुकीज या ब्रेड बनाते हैं, तो थोड़ा पुराना दूध उसमें इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे बेक की गई चीजें सॉफ्ट बनती हैं और उनमें हल्का-सा अलग स्वाद भी आता है.

Advertisement

4. ग्रेवी और सूप को बनाएं ज्यादा क्रीमी: बचा हुआ दूध वाइट ग्रेवी, पास्ता सॉस, सूप या दूसरी क्रीमी सब्जियों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे खाने का स्वाद और टेक्शचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. हालांकि, इस बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है कि दूध खराब न हुआ हो.

5. पनीर बनाया जा सकता है: अगर दूध थोड़ा बहुत फटने जैसी स्थिति में लग रहा हो, तो उससे ताजा पनीर बनाया जा सकता है. दूध को गर्म करें और उसमें नींबू का रस या सिरका डालें. दूध फटने के बाद कपड़े से छान लें और थोड़ा दबाकर रखें. कुछ ही देर में ताजा पनीर तैयार हो जाएगा.

6. दही जमाने के लिए करें इस्तेमाल: पुराने दूध से दही भी आसानी से जमाया जा सकता है. दूध को हल्का गुनगुना करें और उसमें थोड़ा-सा दही मिलाकर ढक दें. कुछ घंटों बाद ताजा दही तैयार हो जाएगी. ये तरीका घरों में लंबे समय से अपनाया जाता रहा है.

इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान:
अगर दूध से तेज खट्टी बदबू आ रही हो, उसका रंग बदल गया हो या उसमें फफूंदी दिखाई दे रही हो, तो उसे बिल्कुल इस्तेमाल न करें. केवल ऐसा दूध दोबारा इस्तेमाल करें जो हल्का पुराना हो लेकिन पीने या पकाने के लिए अभी भी सेफ हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement