scorecardresearch
 

Easiest Way To Boil And Peel Eggs: अंडे उबालने-छीलने का सबसे आसान तरीका, लगेंगे सिर्फ 13 मिनट! जानें ट्रिक

Easiest Way To Boil And Peel Eggs: अंडा उबालने के बाद छिलके के साथ अगर सफेदा भी बाहर आ जाता है और अंडा भद्दा दिखने लगता है, तो पानी में उबालने के बजाय स्टीम ट्रिक आजमाएं. फ्रिज से निकले ठंडे अंडों को 12-13 मिनट भाप में पकाने और तुरंत 15 मिनट आइस बाथ देने से छिलका मक्खन की तरह अलग हो जाता है. जानिए बिना अंडा तोड़े-फोड़े छीलने की 3 आसान ट्रिक्स और स्टोर करने का सही तरीका.

Advertisement
X
अंडे छीलने के लिए उसके चौड़े हिस्से से शुरू करना चाहिए. (Photo: ITG)
अंडे छीलने के लिए उसके चौड़े हिस्से से शुरू करना चाहिए. (Photo: ITG)

Easiest Way To Boil And Peel Eggs: आजकल सभी लोग प्रोटीन को अपनी डाइट में शामिल करना चाहते हैं. प्रोटीन की डाइट में शामिल करने का सबसे आसान उपाय सभी को अंडा नजर आता है. ऐसे में लोग अंडे से बनी बहुत सी चीजें डाइट में शामिल करते हैं. लेकिन सबसे आसान होता है उबला अंडा. अंडा उबालना तो आसान है, लेकिन उसे बिना तोड़े-फोड़े छीलना कई बार बड़ा सिरदर्द बन जाता है. छिलका उतारते ही अगर सफेदी भी उसके साथ निकलने लगे तो पूरा अंडा खराब और भद्दा दिखने लगता है. खासकर जब एक साथ कई अंडे उबालने हों, तब ये परेशानी और बढ़ जाती है.

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अंडों को पानी में उबालने का तरीका थोड़ा बदलकर देखिए. आज हम आपको अंडे उबालने का एक ऐसा आसान तरीका बताने वाले हैं, जिसमें ना ज्यादा समय लगता है ना ही हाथ गंदे होते हैं. इसके लिए आपको सिर्फ करीब 12-13 मिनट का समय चाहिए. इस तरीके से अंडे अच्छी तरह पकते हैं और ठंडा करने के बाद उनका छिलका भी आसानी से उतर जाता है. चलिए जानते हैं क्या है ये ट्रिक.

पानी में उबालने के बजाय भाप में पकाएं अंडे
अंडे को स्टीम करने का तरीका सिर्फ आसान ही नहीं, बल्कि छीलने के लिहाज से भी काफी काम का माना जाता है. फ्रिज से निकले ठंडे अंडों को सीधे गर्म भाप में पकाने से अंडे का सफेदा जल्दी सेट होता है.

इससे सफेदी के छिलके के अंदर मौजूद झिल्ली से चिपकने की संभावना कम हो सकती है. यही वजह है कि स्टीम किए हुए अंडों का छिलका कई बार पानी में उबले अंडों की तुलना में ज्यादा आसानी से निकल जाता है.

Advertisement

13 मिनट का स्टीम हैक, ऐसे उबालें अंडे
इस ट्रिक को आजमाने के लिए आपको किसी खास चीज की जरूरत नहीं है. बस एक बर्तन, थोड़ा पानी और स्टीमर बास्केट चाहिए.

1. पानी गर्म करें: एक बर्तन में करीब 1 इंच पानी डालें और उसे उबलने दें. पानी के ऊपर स्टीमर बास्केट रख दें.

2. सीधे फ्रिज से निकालकर रखें अंडे: ठंडे अंडों को बिना कमरे के तापमान पर लाए सीधे स्टीमर बास्केट में रखें. अब बर्तन को ढक्कन से अच्छी तरह ढक दें.

3. 12-13 मिनट तक स्टीम करें: अंडों को करीब 12 से 13 मिनट तक भाप में पकने दें. अगर अंडे आकार में बड़े हैं तो उन्हें थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है.

4. तुरंत आइस बाथ दें: अंडे पकने के बाद उन्हें तुरंत बर्फ मिले ठंडे पानी में डाल दें. करीब 15 मिनट तक इन्हें इसी पानी में रहने दें. इससे अंडों की कुकिंग रुक जाएगी और उन्हें छीलना भी आसान होगा.

अंडा छीलते समय अपनाएं ये 3 आसान ट्रिक्स
सही तरीके से स्टीम करने के बाद भी अगर अंडा छीलने में परेशानी हो रही है तो इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें.

चौड़े हिस्से से छीलें: अंडे के चौड़े हिस्से में आमतौर पर थोड़ी हवा की जगह होती है. इसलिए यहीं से छिलका हटाना शुरू करें. इससे अंदर की झिल्ली तक पहुंचना आसान हो जाता है.

Advertisement

बहते पानी के नीचे छीलें: अगर छिलका सफेदी से चिपका हुआ है तो अंडे को नल के हल्के बहते पानी के नीचे छीलें. पानी छिलके और सफेदी के बीच जाने से छिलका आसानी से अलग हो सकता है.

बहुत ताजे अंडों से बचें: अगर आपके पास विकल्प है तो अंडे खरीदने के तुरंत बाद उन्हें उबालने के बजाय कुछ दिन पुराने अंडों का इस्तेमाल करें. पुराने अंडों में pH में बदलाव होने के कारण सफेदी का झिल्ली से चिपकना कम हो सकता है.

उबले अंडों को ऐसे रखें सुरक्षित
अंडे उबालने के बाद उन्हें लंबे समय तक रूम टेंपरेचर पर खुला न छोड़ें. अगर तुरंत इस्तेमाल नहीं करना है तो उन्हें ठंडा करके फ्रिज में रखें. इससे अंडों को सुरक्षित तरीके से स्टोर करने में मदद मिलेगी.

तो अगली बार अंडे उबालते समय उन्हें पानी में डालकर घंटों पकाने के बजाय 13 मिनट की स्टीम ट्रिक आजमाकर देखिए. सही तरीके से ठंडा करने के बाद छिलका उतारना काफी आसान हो सकता है और अंडे की सफेदी भी बेवजह छिलके के साथ नहीं निकलेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement