Boiled Potato Snacks Recipes: शाम की चाय के साथ कुछ क्रिस्पी और टेस्टी खाने का मन लगभग हर किसी का करता है. लेकिन कई बार यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत लगेगी. लेकिन ऐसा नहीं है. अगर आपके घर में उबले हुए आलू बचे हैं तो उनसे आप आसानी से कई टेस्टी स्नैक्स तैयार कर सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती. आइए जानते हैं उबले आलू से बनने वाली कुछ आसान और मजेदार रेसिपी के बारे में, जिन्हें कम समय में भी आसानी से बनाया जा सकता है.
आलू चाट
आलू चाट एक खट्टा-तीखा और बहुत ही आसान स्नैक है. इसके लिए उबले आलू को छोटे क्यूब्स में काट लें. अब इसमें चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक, नींबू का रस, बारीक कटा प्याज और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. ऊपर से थोड़ा सेव डाल दें. आपकी टेस्टी आलू चाट तैयार है.
पोटैटो चीज टोस्ट
इसे बनाने के लिए उबले आलू को मैश कर लें. इसमें नमक, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और कद्दूकस किया हुआ चीज मिलाएं. अब इस मिश्रण को ब्रेड स्लाइस पर फैलाएं. ब्रेड को तवे या सैंडविच मेकर पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें. यह बाहर से क्रिस्पी और अंदर से चीजी लगता है यह चाय के साथ खाने में काफी टेस्टी लगता है.
आलू टिक्की
सबसे पहले उबले आलू को मैश कर लें. इसमें नमक, हरा धनिया, बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाएं. अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें. तवे पर थोड़ा तेल डालकर इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें. तैयार टिक्की को केचप या पुदीने की चटनी के साथ सर्व करें.
पोटैटो मेयो सैंडविच
इसके लिए मैश किए हुए उबले आलू में मेयोनीज, थोड़ा काली मिर्च पाउडर, बारीक कटे खीरा या गाजर और नमक मिलाएं. इस मिश्रण को ब्रेड स्लाइस के बीच में लगाकर सैंडविच बना लें. चाहें तो इसे हल्का सा ग्रिल कर सकते हैं या ऐसे ही खा सकते हैं.
स्पाइसी पोटैटो स्टिर-फ्राई
उबले आलू को गोल या लंबे टुकड़ों में काट लें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, हल्दी और नमक डालें. अब इसमें आलू डालकर कुछ मिनट तक हल्का फ्राई करें, जब तक किनारे थोड़े कुरकुरे न हो जाएं. यह साउथ इंडियन स्टाइल का टेस्टी स्नैक है.