
How to Restyle Old Lehenga: त्योहारों पर लोग नए कपड़े और जूलरी खरीदते हैं ताकि वो सबसे सुंदर लगे. अगर आप भी इस दिवाली आप भी सबसे अलग और खूबसूरत दिखना चाहती हैं तो उसके लिए आपको नई ड्रेस खरीदने की जरूरत नहीं है. लेकिन अगर आप इस बार ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहतीं, तो अपनी अलमारी में रखे पुराने लहंगे को ही नया अंदाज दे सकती हैं.
अगर आपके पास कोई पुराना लहंगा है तो आप इस दीपावली उसको नए अंदाज में स्टाइल कर सकती हैं, आपको देखकर लोग आपकी तारीफ करने लगेंगे. बस थोड़ी-सी क्रिएटिविटी और सही स्टाइलिंग से पुराना लहंगा भी बिल्कुल नया और डिजाइनर दिख सकता है. आइए जानते हैं 7 ऐसे तरीके, जिनसे आप पुराने लहंगे को दिवाली के लिए रीस्टाइल कर सकती हैं.
लहंगे के साथ पहनें ट्रेंडी शर्ट
अगर आपका पुराना लहंगा हैवी एम्ब्रॉयडरी वाला है, तो उसके साथ कॉन्ट्रास्ट कलर की शर्ट पहनें. सफेद, काली या ब्राइट कलर की शर्ट लहंगे को इंडो-वेस्टर्न लुक देगी. शर्ट को कमर पर बांधकर या अंदर टक करके भी पहन सकती हैं.

दुपट्टा बदलकर पाएं नया लुक
कई बार लहंगे का लुक सिर्फ दुपट्टा बदलने से ही बदल जाता है. पुराने लहंगे के साथ बनारसी, नेट, ऑर्गेंजा या मिरर वर्क वाला दुपट्टा कैरी करें. आप चाहें तो कॉन्ट्रास्ट रंग का दुपट्टा लेकर अपने आउटफिट को और शानदार बना सकती हैं.
लहंगे के साथ पहनें लंबा कुर्ता
अगर आप दिवाली पर कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो पुराने लहंगे के साथ लंबा कुर्ता ट्राई करें. स्ट्रेट कट या अनारकली कुर्ता लहंगे के साथ अच्छा लगेगा. यह स्टाइल आपको एलिगेंट और रॉयल लुक देगा.
पुराने ब्लाउज की जगह पहनें नया क्रॉप टॉप
लहंगे का पुराना ब्लाउज बोरिंग हो गया है, तो उसकी जगह नया क्रॉप टॉप पहनें. आप साटन, वेलवेट या सीक्विन वाला टॉप पहन सकती हैं. इससे पुराने लहंगे का पूरा लुक बदल जाएगा और आपको नया आउटफिट खरीदने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

बेल्ट लगाकर दें मॉडर्न टच
पुराने लहंगे को मॉडर्न बनाने के लिए कमर पर स्टाइलिश बेल्ट लगाएं. ऑक्सीडाइज्ड, मेटल या एम्बेलिश्ड बेल्ट आपके लुक को नया अंदाज दे सकती है. इससे दुपट्टा संभालना भी आसान हो जाता है और आपका लुक भी बदल जाता है.
जैकेट के साथ करें स्टाइल
लहंगे के साथ लॉन्ग एथनिक जैकेट पहनना भी अच्छा ऑप्शन है. आप शॉर्ट जैकेट, लॉन्ग श्रग या मिरर वर्क वाली जैकेट ट्राई कर सकती हैं. यह स्टाइल खासकर तब अच्छा लगेगा, जब आप दिवाली पार्टी में थोड़ा हटकर दिखना चाहती हैं.
जूलरी और हेयरस्टाइल से बदलें पूरा लुक
अगर आप लहंगे में कोई बदलाव नहीं करना चाहतीं, तो एक्सेसरीज से ही नया लुक तैयार करें. चांदबाली, मांगटीका, चोकर, कड़े और खूबसूरत हेयरस्टाइल आपके पुराने लहंगे को नया बना सकते हैं. इसके साथ छोटी बिंदी और ट्रेडिशनल फुटवियर पहनकर अपना दिवाली लुक पूरा करें.