
बॉलीवुड स्टार किड्स की तरह राजनीतिक परिवारों के बच्चों की झलक पाने के लिए भी लोगों को खूब दिलचस्पी रहती है. हालांकि, नेताओं के बच्चे अक्सर लाइमलाइट और कैमरों से दूर रहते हैं, इसलिए उनकी तस्वीरें कम ही देखने को मिलती हैं. ऐसे में जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव के जुड़वां बच्चे टीना यादव और अर्जुन यादव की एक नई तस्वीर सामने आई, तो उसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
खास बात ये है कि ये तस्वीर समाजवादी पार्टी की सांसद और क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है. दरअसल, प्रिया ने टीना और अर्जुन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की, जिसमें टीना यादव का सिंपल लेकिन बेहद एलिगेंट ट्रेडिशनल लुक और प्रिया सरोज का स्टाइलिश एथनिक अंदाज देखने को मिला.
प्रिया सरोज ने दी जन्मदिन की बधाई
समाजवादी पार्टी की सांसद और क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अखिलेश और सांसद डिंपल यादव के जुड़वां बच्चों टीना यादव और अर्जुन यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. प्रिया ने एक खूबसूरत तस्वीर शेयर करते हुए दोनों के लिए प्यारा मैसेज लिखा.
उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'आप दोनों को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं! ईश्वर करे आपका जीवन प्यार, खुशियों, अच्छे स्वास्थ्य और सफलता से भरा रहे. आपका ये खास दिन खुशियों और खूबसूरत यादों से भर जाए. आने वाला साल आपके लिए ढेर सारी खुशियां और नई उपलब्धियां लेकर आए.'
एक फ्रेम में दिखे अर्जुन और टीना
प्रिया सरोज ने जो फोटो शेयर की है वो किसी फैमिली फंक्शन की है. तस्वीर में अर्जुन यादव और टीना यादव, प्रिया सरोज एक साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं. जहां अखिलेश के बेटे अर्जुन ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आ रहे हैं, वहीं टीना और प्रिया दोनों ने अपने-अपने अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा.
टीना का खूबसूरत लुक
फोटो में अखिलेश यादव और डिंपल यादव की छोटी बेटी टीना यादव ब्राइट पिंक कलर का एथनिक सूट पहने दिख रही हैं. उनके कुर्ते और दुपट्टे पर गोल्डन कलर की खूबसूरत कढ़ाई और बॉर्डर वर्क नजर आ रहा है, जो पूरे लुक को रॉयल टच दे रहा है. टीना ने अपने कुर्ते को मैचिंग शरारा के साथ पेयर किया था. उनके शरारा पर भी गोल्डन काम था.
टीना ने अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए बालों को खुला रखा. उन्होंने मिनिमल एक्सेसरी कैरी की. वो हाथों में चूड़ी पहने दिखीं. उनका मेकअप भी बहुत ही हल्का था. टीना का ये सादगी भरा स्टाइल उनके लुक को और आकर्षक बना रहा था.

प्रिया सरोज का साड़ी लुक
प्रिया सरोज की बात करें तो उन्हें साउथ इंडियन स्टाइल गोल्डन कॉम्बिनेशन वाली साड़ी में देखा गया. प्रिया सरोज की साड़ी यूं तो पूरी प्लेन थी, लेकिन उसपर चौड़ा गोल्डन बॉर्डर था, जो उनकी साड़ी की खूबसूरती को और निखार रहा था. साड़ी के साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज पहना था, जिसका सादा लेकिन क्लासी डिजाइन उनके स्टाइल को एलिवेट कर रहा था.
प्रिया ने अपने बाल खुले रखे हैं और बेहद मिनिमल एक्सेसरीज के साथ लुक को स्टाइल किया है. उनका ये सादगी भरा लेकिन एलिगेंट अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है.