कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के जेपी नगर इलाके में एक रंजिश हत्या के मामले ने सबको हिला कर रख दिया है. यह मामला करीब दस साल पुरानी एक हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है. हिस्ट्रीशीटर राजा, जिसे हलमुक राजा के नाम से भी जाना जाता है, को तीन हमलावरों ने भरी सड़क पर घेर कर बेरहमी से मार डाला.
यह पूरी घटना शनिवार शाम आईजी सर्कल के पास हुई. सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि राजा अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से दौड़ रहा है, लेकिन हमलावर उसे घेर लेते हैं. इसके बाद वे उस पर धारदार हथियारों से लगातार हमला करते हैं. यह सब एक व्यस्त सड़क पर हुआ, फिर भी आसपास मौजूद लोग डर के कारण बीच में नहीं आए और सिर्फ तमाशा देखते रहे.
हमला करने के बाद तीनों आरोपी एक पीली नंबर प्लेट वाली कमर्शियल कार में बैठकर फरार हो गए. पुलिस को शक है कि यह हत्या किसी आम विवाद का नतीजा नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध करीब दस साल पहले हुई एक और हत्या से है. उस समय स्टैंड कुट्टी नाम के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की हत्या हुई थी, और अब पुलिस मान रही है कि राजा की हत्या उसी का बदला हो सकती है.
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु: एक्ट्रेस कृषि थापंडा के फ्लैट में मिला शख्स का शव, फंदा लगाकर की खुदकुशी
मारा गया राजा खुद भी कोई आम आदमी नहीं था. उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे. वह कई हाई प्रोफाइल केसों में आरोपी भी रह चुका था. यानी एक तरफ कुख्यात गैंगस्टर का मर्डर, और दूसरी तरफ दस साल पुरानी रंजिश, इन दोनों बातों ने इस मामले को और पेचीदा बना दिया है.
जेपी नगर पुलिस ने इस हत्या की जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या यह हत्या लंबे समय से चली आ रही गैंगवार और बदले की भावना का नतीजा है. फिलहाल हमलावरों की पहचान और तलाश जारी है.