scorecardresearch
 

USA Rules: अमेरिका में घरों के बाहर नेम प्लेट क्यों नहीं दिखते?

अमेरिका में कुछ ऐसी रिहायशी सोसाइटी हैं, जहां रहने वाले लोगों को HOA (होम ओनर्स एसोसिएशन) के नियमों का पालन करना पड़ता है. इन नियमों के तहत कई बार घर के बाहर नेमप्लेट लगाने, अतिरिक्त लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरा लगाने या कोई सामान रखने पर भी रोक हो सकती है.

Advertisement
X
 नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. ( Photo: Instagram/@ _riturathee)
नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. ( Photo: Instagram/@ _riturathee)

अगर आपसे पूछा जाए कि क्या आप अपने ही घर के बाहर अपनी पसंद की नेम प्लेट लगा सकते हैं, तो शायद आपका जवाब होगा- बिल्कुल लगा सकते हैं. भारत में ज्यादातर लोग अपने घर के बाहर नेम प्लेट लगाते हैं. कई लोग घर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाते हैं, सीसीटीवी कैमरे लगाते हैं और अपनी पसंद के हिसाब से घर का बाहरी हिस्सा तैयार करते हैं. लेकिन अमेरिका के कुछ इलाकों में ऐसा करना इतना आसान नहीं है.

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें अमेरिका में रहने वाला एक महिला बताती है कि उसने अपने घर के बाहर नेम प्लेट लगाई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे जुर्माना भरना पड़ा और नेम प्लेट हटानी पड़ी. वजह थी वहां के नियम HOA.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Ritu Rathee (@_riturathee)

चलिए जानते हैं आखिर क्या है HOA?
अमेरिका की कई कॉलोनियों और रिहायशी सोसाइटियों में HOA (होम ओनर्स एसोसिएशन) नाम की एक संस्था होती है. यह संस्था पूरी सोसाइटी की देखभाल करती है और यह सुनिश्चित करती है कि सभी घर साफ-सुथरे और एक जैसे दिखाई दें. यही संस्था यह भी तय करती है कि कौन-सी चीज घर के बाहर लगाई जा सकती है और कौन-सी नहीं. अगर कोई व्यक्ति नियमों का पालन नहीं करता, तो उसे चेतावनी दी जा सकती है या फिर जुर्माना भी भरना पड़ सकता है.

Advertisement

हर महीने देना पड़ता है पैसा
HOA की सुविधाओं के लिए वहां रहने वाले लोगों से हर महीने फीस ली जाती है. कई जगह यह फीस 350 से 400 डॉलर या इससे भी ज्यादा हो सकता है. इसी पैसे से सोसाइटी की सड़कें साफ कराई जाती हैं, पार्कों और झीलों की देखभाल होती है, घास की कटाई कराई जाती है और दूसरी सामान्य सुविधाओं का रखरखाव किया जाता है. यानी लोग सिर्फ अपने घर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी सोसाइटी को बेहतर बनाए रखने के लिए भी पैसा देते हैं.

नेमप्लेट, लाइट और कैमरे पर भी हो सकते हैं नियम
अगर किसी सोसाइटी में HOA के नियम लागू हैं, तो वहां घर के बाहर अपनी पसंद की नेमप्लेट लगाना, अतिरिक्त लाइट लगाना या बिना अनुमति के सीसीटीवी कैमरा लगाना आसान नहीं होता. कई बार पहले HOA से मंजूरी लेनी पड़ती है. अगर बिना अनुमति के कोई बदलाव किया जाता है, तो जुर्माना लग सकता है. हालांकि हर सोसाइटी के नियम अलग-अलग हो सकते हैं. कहीं नेमप्लेट की अनुमति होती है, तो कहीं उसके आकार, रंग और डिजाइन को लेकर भी नियम बने होते हैं.

ऐसा क्यों किया जाता है?
इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि पूरी कॉलोनी का एक जैसा लुक बना रहे. अगर कोई घर बहुत अलग दिखने लगे, किसी की घास बहुत बड़ी हो जाए, किसी ने बहुत ज्यादा सजावट कर दी हो या किसी ने बाहर बहुत सारा सामान रख दिया हो, तो पूरी सोसाइटी का रूप बदल सकता है. HOA का मानना है कि जब पूरी कॉलोनी साफ-सुथरी और व्यवस्थित दिखाई देती है, तो वहां रहने का अनुभव बेहतर होता है। साथ ही इलाके में मौजूद घरों की कीमत भी बनी रहती है.

Advertisement

पानी की बोतल रखने पर भी लगा जुर्माना
कुछ समय पहले अमेरिका के टेक्सास से भी एक मामला सामने आया था. वहां एक महिला ने भीषण गर्मी में डिलीवरी करने वाले लोगों की मदद के लिए अपने घर के बाहर पानी की बोतलें रख दी थी. उसका इरादा लोगों की मदद करना था, लेकिन HOA ने इसे भी नियमों का उल्लंघन माना और उस पर जुर्माना लगा दिया. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर काफी बहस भी हुई थी.

क्या पूरे अमेरिका में यही नियम हैं?
अमेरिका के हर शहर, हर राज्य और हर कॉलोनी में ऐसे नियम नहीं होते. यह नियम सिर्फ उन रिहायशी इलाकों में लागू होते हैं, जहां HOA मौजूद होती है. कई जगह लोग अपनी पसंद से नेमप्लेट लगाते हैं, घर सजाते हैं और बाहर कैमरे भी लगाते हैं. इसलिए यह कहना गलत होगा कि पूरे अमेरिका में घर के बाहर नेमप्लेट लगाना मना है.

अगर कोई व्यक्ति ऐसी सोसाइटी में घर खरीदता है, जहां HOA के नियम लागू हैं, तो उसे पहले से तय सभी नियमों का पालन करना पड़ता है. इसलिए अमेरिका में घर खरीदने से पहले लोग HOA के नियम जरूर पढ़ते हैं, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी या जुर्माने का सामना न करना पड़े.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement