कांग्रेस में शामिल होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को पहली बार अमृतसर में एक साथ मीडिया के सामने आए. पंजाब चुनाव में कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार कैप्टन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में ही बता दिया कि नवजोत सिंह सिद्धू को उन्होंने बहुत छोटे से देखा है, यानि उनके सामने वह बच्चे हैं और वह यहां के कैप्टन. वहीं सिद्धू को भी यह कहना पड़ा कि बाप-बाप होता है, बेटा-बेटा होता है.हालांकि अक्सर लंबी लंबी बातें करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू का अंदाज इस ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में गायब था. इस पूरी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सिद्धू से पूछे गए अधिकतर सवालों को वह टालते रहे और कैप्टन ही उनकी तरफ से जवाब दे रहे थे. यहां एक बात दो सबको साफ नजर आई, वह यह कि कैप्टन की मौजूदगी में सिद्धू अपने चिर परिचित अंदाज में नहीं दिखाई दिए.