उत्तराखंड के विकासनगर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की. यहाँ शिवनगर बस्ती में नशा तस्करों के अस्थाई ठिकानों पर ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बुलडोजर चलाया गया. इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान 22 वर्षीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया, उसके कब्जे से डेढ़ किलो अवैध गांजा बरामद हुआ.
देहरादून के सेलाकुई इलाके में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. थाना अध्यक्ष पीडी भट्ट की अगुवाई में सेलाकुई पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने शिवनगर बस्ती का निरीक्षण किया. इस दौरान महिलाओं और बस्ती के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

पुलिस ने पूछताछ में सटीक जानकारी मिलने पर 22 वर्षीय रजनीश साहनी को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से डेढ़ किलो गांजा बरामद किया गया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और कार्रवाई शुरू की गई.
यह भी पढ़ें: दो भाइयों की 4 करोड़ की संपत्ति जब्त... मुजफ्फरनगर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम ने नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए उनके अस्थाई ठिकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया. जब जेसीबी का पंजा ठिकानों पर गरजा, तो नशा तस्करों में अफरा-तफरी मच गई. यह कार्रवाई इलाके में पहली बार नशा तस्करों के ठिकानों पर की गई है और इसे उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और जनता को यह संदेश जाएगा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
थाना अध्यक्ष पीडी भट्ट ने कहा कि हमारी टीम लगातार नशा तस्करों पर नजर रखे हुए है. इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अवैध नशे को पकड़ना है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना भी है. कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करों के ठिकानों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने कहा कि भविष्य में ऐसे ऑपरेशन समय-समय पर जारी रहेंगे.