scorecardresearch
 

उत्तराखंड: पहले स्कूटी-मोटरसाइकिल, फिर एक लाख रुपये दहेज मांगा... सदमे में दुल्हन के पिता की मौत

उत्तराखंड के खटीमा में शादी वाले दिन दहेज और मेहर की रकम को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ. दूल्हे के घरवालों ने अचानक एक लाख रुपये की डिमांड कर दी. इस तनाव के बीच दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई. वहीं, हाथापाई के बीच बारातियों में भी कई लोग घायल हो गए.

Advertisement
X
शादी में हक मेहर को लेकर भी विवाद हुआ. (Photo- Representational)
शादी में हक मेहर को लेकर भी विवाद हुआ. (Photo- Representational)

उत्तराखंड के खटीमा में एक शादी की खुशियों वाला घर मातम में बदल गया. यहां इस्लामनगर इलाके में रविवार को निकाह के दौरान दहेज और हक मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में भारी विवाद हो गया. इस बहस से सदमे में आए दुल्हन के पिता को अचानक दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई.

पिता की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस के कहा कि इस्लामनगर के रहने वाले ठेकेदार सादिक की बेटी का निकाह उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारा फरीदपुर आए मोहम्मद आरिफ से तय हुआ था. बारात खुशबू मैरिज हॉल पहुंची और शुरुआती रस्में ठीक से चल रही थीं.

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़के वाले लगातार मांग बदल रहे थे. पहले उन्होंने स्कूटी मांगी, फिर मोटरसाइकिल की मांग की और निकाह के समय अचानक 1 लाख रुपये नकद की जिद पर अड़ गए.

हक मेहर की रकम को लेकर भी हुआ विवाद

दहेज के साथ-साथ निकाह के लिए जरूरी 'हक मेहर' की रकम को लेकर भी झगड़ा शुरू हो गया. दुल्हन के परिवार वाले चाहते थे कि हक मेहर की रकम 5 लाख रुपए तय हो. लेकिन, दूल्हे वाले 21,000 से एक रुपया भी ज्यादा देने को तैयार नहीं थे. दोनों तरफ से बातचीत और समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका.

Advertisement

इस तीखी बहस और बढ़ते तनाव के बीच दुल्हन के पिता सादिक की तबीयत अचानक बहुत बिगड़ गई. परिवार वाले उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रिश्तेदारों का कहना है कि विवाद के मानसिक तनाव के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया.  मौत की खबर मिलते ही दुल्हन पक्ष और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया. नाराज लोगों ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन और कई बारातियों को मैरिज हॉल में ही रोक लिया.

छत का हिस्सा गिरने से घायल हुए कई बाराती

कुछ बारातियों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है. हंगामे के दौरान कई बाराती जान बचाने के लिए पास के एक मकान की छत के रास्ते भागने लगे. इस दौरान छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में देवरिया की बेटी की मौत, दहेज हत्या का आरोप लगा बोले परिजन- ससुर कमरे में बुलाता था

झड़प की सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने बंधक बने बारातियों को छुड़ाया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की पूरी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement