उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके ही ममेरे भाई ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना तीन मई की बताई जा रही है. कोतवाली बाजपुर क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता की मां उस दिन मजदूरी के लिए खेत पर गई हुई थी. घर पर उसकी आठ साल और छह साल की दो बेटियां मौजूद थीं. इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला आरोपी युवक, जो बच्ची का ममेरा भाई बताया जा रहा है, घर पहुंचा.
आरोप है कि आरोपी ने आठ साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. इसके बाद उसने बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म किया. बताया गया है कि जब बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद आरोपी बच्ची को गंभीर हालत में गांव के पास स्थित एक राइस मिल के सामने छोड़कर फरार हो गया. उधर, पास में खेल रही छोटी बहन ने जब बड़ी बहन को घायल और खून से लथपथ हालत में देखा तो वह उसे लेकर अपनी मां के पास खेत पर पहुंची. मां बच्ची को तुरंत घर लेकर आई और उससे पूछताछ की. इस दौरान बच्ची ने पूरी घटना बताई, जिसे सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आठ साल की मासूम बच्ची से रेप
पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी युवक और उसकी मां उनके घर पहुंचे और मामले को दबाने का दबाव बनाने लगे. उन्होंने इलाज कराने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश की. जब मां अपनी बेटी को लेने आरोपी के घर पहुंची तो उसे बच्ची देने से मना कर दिया गया और धमकाया भी गया. स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्रामीणों की मदद ली गई, जिसके बाद बच्ची को वापस लाया जा सका. मां ने बताया कि बच्ची की हालत बेहद गंभीर है और उसे तत्काल इलाज की जरूरत है. परिवार की स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है. बच्ची के पिता करीब पांच से छह साल पहले घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद से मां ही मजदूरी कर दोनों बेटियों का पालन-पोषण कर रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई. इस संबंध में बाजपुर के सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और देर शाम फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
यह घटना समाज में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली है. एक ऐसा रिश्ता, जिसे सुरक्षा और भरोसे का प्रतीक माना जाता है, उसी ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दुख का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.