scorecardresearch
 

ना पैसा है ना क्लाइंट, किराया 40 हजार... जिम बेचकर कहीं और बसना चाहते हैं 'मोहम्मद दीपक'

उत्तराखंड के कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. मुस्लिम दुकानदार के समर्थन के बाद विवाद बढ़ने से उनके जिम का कारोबार प्रभावित हुआ है. दीपक चार महीने से किराया नहीं दे पाए हैं और मकान मालिक ने उन्हें अंतिम चेतावनी दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और बजरंग दल से जुड़े लोग ग्राहकों को जिम आने से रोक रहे हैं. फिलहाल जिम में केवल 60-65 सदस्य बचे हैं. वहीं पुलिस ने कहा कि कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

Advertisement
X
4 महीने से जिम का किराया नहीं दे पाए हैं 'मोहम्मद दीपक'. Photo ITG
4 महीने से जिम का किराया नहीं दे पाए हैं 'मोहम्मद दीपक'. Photo ITG

उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े होने के बाद विवादों में आए 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार अब आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. उन्होंने दावा किया है कि लगातार मिल रही धमकियों और विवादों के कारण उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसकी वजह से अब उन्हें अपना जिम बेचकर शहर छोड़ने तक के बारे में सोचना पड़ रहा है.

4 महीने से जिम का किराया नहीं दे पाए दीपक
42 वर्षीय दीपक कुमार कोटद्वार में 'हल्क' नाम से जिम चलाते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों से वह जिम का किराया नहीं चुका पाए हैं, जिसके बाद मकान मालिक ने उन्हें अंतिम चेतावनी दे दी है. दीपक का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता कि मकान मालिक पर किसी बाहरी दबाव का असर है या नहीं, लेकिन मौजूदा हालात में जिम चलाना मुश्किल हो गया है.

कब और क्यों चर्चा में आए दीपक?
दीपक कुमार जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने एक मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद के समर्थन में आवाज उठाई थी. दरअसल, 26 जनवरी को कुछ बजरंग दल कार्यकर्ता पटेल मार्ग स्थित 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद की 'बाबा' नाम की कपड़ों की दुकान का नाम बदलने की मांग कर रहे थे. उसी दौरान दीपक ने विरोध जताते हुए खुद को 'मोहम्मद दीपक' बताया था.

Advertisement

इसके बाद 31 जनवरी को मामला और बढ़ गया. बड़ी संख्या में लोग कपड़ों की दुकान और दीपक के जिम के बाहर जमा हो गए, सड़क जाम की गई और नारेबाजी हुई. इस मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की थीं.

जिम में बचे 60 क्लाइंट, जिम का किराया 40 हजार
दीपक कुमार का कहना है कि उनके जिम में फिलहाल केवल 60 से 65 सदस्य ही बचे हैं, जबकि इससे जिम का खर्च भी नहीं निकल पा रहा है. उन्होंने बताया कि जिम का मासिक किराया 40 हजार रुपये है. उनका कहना है कि गर्मी और विवादों के कारण नए सदस्य भी नहीं जुड़ रहे हैं.

भाजपा के लोग घर जाकर जिम आने से कर रहे मना
दीपक ने आरोप लगाया कि भाजपा और बजरंग दल से जुड़े लोग उनके ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं. उनके अनुसार, जिन जिम सदस्यों के परिवार भाजपा से जुड़े हैं, उनके घर जाकर जिम आने से मना किया जाता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान ने उनके कारोबार को पूरी तरह अस्थिर कर दिया है. हालांकि, कोटद्वार के थाना प्रभारी प्रदीप नेगी ने कहा कि पुलिस को अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement