मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप सिंह के लालू यादव की बेटी के साथ तिलक की चर्चा हर तरफ है. तिलक समारोह पीएम नरेंद्र मोदी के शामिल होने के अलावा शाही ठाठ की वजह से भी सुर्खियों में रहा, लेकिन इस तिलक के शाही खर्चे पर अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की नजर है. सूत्रों के मुताबिक, इस तिलक में करीब 75 से 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए. एक अनुमान के मुताबिक, समारोह में 2 करोड़ रुपये का सिर्फ मिनरल वॉटर का इस्तेमाल किया गया.
दैनिक राष्ट्रीय समाचार पत्र 'दैनिक भास्कर' की खबर के मुताबिक, इनकम टैक्स अब मुलायम सिंह और लालू यादव को इस बाबत नोटिस थमा सकता है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने इस बाबत छानबीन शुरू कर दी है. तेज प्रताप की शादी 26 फरवरी को दिल्ली में होगी. तिलक के भव्य आयोजन को देखते हुए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने पहले से ही समारोह में होने वाले खर्च पर नजर रखी थी. डिपार्टमेंट समारोह में खाने-पीने और अलग-अलग तरह की जिम्मेदारियां निभाने वाले लोगों से पूछताछ कर सकती है.
हालांकि, कुछ अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में नोटिस भेजा जाना आसान नहीं रहेगा. क्योंकि समारोह में पीएम मोदी भी शामिल हुए थे.