पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्रीय सरकार की चौतरफा आलोचना हो रही है. तेलंगाना के मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता रेवंत रेड्डी ने इस फैसले को पूरी तरह 'गलत' बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर देश के कई अहम क्षेत्रों पर पड़ेगा.
रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्रीय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला हैं. तेलंगाना सीएम के मुताबिक, ईंधन महंगा होने से रोजमर्रा और बुनियादी चीजों की कीमतें बढ़ेंगी और आम जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ जाएगा.
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किसी भी तरह से जायज नहीं कहा जा सकता हैं. सीएम रेड्डी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय सरकार की गलत नीतियों और खराब शासन के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है.
'आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक चुनावी नारा'
सीएम रेड्डी ने दावे के साथ कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत' सिर्फ एक चुनावी नारा बनकर रह गया है और इसका असल फायदा जनता को नहीं मिला. उन्होंने दावा किया कि छोटे और मध्यम उद्योगों को भारी नुकसान हुआ है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है. किसानों की आय भी दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं हो सका है.
रेवंत रेड्डी ने उठाया सवाल
रेवंत रेड्डी ने आगे कहा, 'पिछले दस सालों में रुपये की कीमत लगातार गिरती रही है और अब ये गिरावट खतरनाक लेवल पर पहुंच गई है. ऐसे में, ईरान-इजरायल युद्ध का बहाना बनाकर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाना आम नागरिकों की कमर तोड़ने जैसा है. मोदी सरकार इस फैसले को कैसे सही ठहरा सकती है, जबकि वो गर्व से दावा करती है कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनमी बन गया है?'
'जनता के भरोसे के साथ धोखा...'
सीएम रेड्डी ने ये भी कहा कि हाल ही में हुए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनावों से पहले सरकार ने जनता को भरोसा दिलाया था कि ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ेंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि लेकिन चुनाव नतीजे आने के दस दिन भी नहीं बीते कि कीमतें 3 रुपए से ज्यादा बढ़ा दी गईं. ये जनता के भरोसे के साथ धोखा है.
यह भी पढ़ें: 'चुनाव खत्म, वसूली शुरू', पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने पर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा
रेवंत रेड्डी ने आखिर में मांग करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल चुनावी फायदे और वोट हासिल करने के लिए बड़े-बड़े वादे करते हैं. मैं मांग करता हूं कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की गई इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस ले.'