तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में छह महीने की मासूम बच्ची के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मालूम हुआ कि आरोपियों ने बच्ची को एक निसंतान रिश्तेदार को गिफ्ट करने के लिए इस पूरी साजिश को अंजाम दिया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है और पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार घटना नारायण मल्ला रेड्डी अस्पताल के पास की है, जहां एक परिवार फुटपाथ पर सो रहा था. इसमें दंपति और उनकी चार बेटियां थे. इसी दौरान आरोपियों की नजर परिवार की सबसे छोटी बच्ची पर पड़ी. जांच में सामने आया कि आरोपी महिला श्रीदेवी अपनी निसंतान भाभी को लेकर भावनात्मक रूप से परेशान थी और परिवार में खुशी लाने के लिए किसी बच्चे को किडनैप करने की योजना बना रही थी.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की. उन्होंने अस्पताल के आसपास कई बार चक्कर लगाए और परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी. जब उन्हें यकीन हो गया कि परिवार गहरी नींद में है, तब वारदात को अंजाम दिया गया.
बताया गया कि 4 मई की तड़के दो आरोपी चुपके से फुटपाथ पर पहुंचे और मां के पास सो रही छह महीने की बच्ची को उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए. उसी समय परिवार की नींद खुली लेकिन जबतक वे कुछ समझ पाते, आरोपी फरार हो गए. परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने बच्ची को राजेंद्रनगर इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया. इसके बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसे परिवार को सौंप दिया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है.