गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी सहयोगी गृह राज्यमंत्री अमित शाह सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ कांड के सिलसिले में पूछताछ के लिये आज सीबीआई के सामने हाजिर नहीं हुए लेकिन कहा कि जांच एजेंसी द्वारा आज दोबारा समन जारी किये जाने के बाद वह अब उसके कार्यालय में शुक्रवार को उपस्थित होंगे.
ऐसा पहली बार है जब राज्य के किसी मंत्री को कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ कांड मामले में पूछताछ के लिये समन जारी किया गया है. गौरतलब है कि गैंगेस्टर बताए जा रहे सोहराबुद्दीन की 26 नवम्बर 2005 को अहमदाबाद में हुई कथित पुलिस मुठभेड़ में हत्या कर दी गई थी.
सीबीआई कार्यालय में पेशी के लिये निर्धारित समय दोपहर एक बजे तक हाजिर नहीं होने की वजह से सीबीआई ने शाह को गुरुवार को दूसरा समन जारी किया है. राज्यमंत्री ने कहा है कि वह सीबीआई के सामने बुधवार को निर्धारित दोपहर एक बजे तक हाजिर होंगे. शाह ने एक अज्ञात स्थान से जारी बयान में कहा ‘मुझे गुरुवार को हाजिर होने के लिये दूसरा समन जारी किया गया है. मैं सीबीआई के लिये उपलब्ध रहूंगा और सभी सवालों का जवाब दूंगा.’ {mospagebreak}
भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह सोहराबुद्दीन कांड होने के वक्त भी गुजरात के गृह राज्यमंत्री थे. शाह के समन पर हाजिर नहीं होने की स्थिति में सीबीआई के पास उन्हें भगोड़ा घोषित कर गिरफ्तार करने का विकल्प होगा. शाह ने कहा कि सोहराबुद्दीन मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है और गृह राज्यमंत्री के रूप में उनका नाम दस्तावेजों में कहीं दर्ज नहीं है.
शाह ने कहा कि सीबीआई ने जब पेशी के लिये समन भेजा था तब वह किसी ‘निजी काम की वजह से’ राजधानी से बाहर थे. उन्होंने कहा ‘दोपहर एक बजे तक कार्यालय पहुंचना मेरे लिये मुश्किल था क्योंकि मेरे पास समय नहीं था. यह आश्चर्यजनक है कि केन्द्रीय एजेंसी एक प्रदेश के गृह राज्य मंत्री के साथ ऐसा बर्ताव कर रही है. इससे उसके इरादों पर संदेह पैदा होता है. वे मुझे हाजिर होने के लिये कुछ समय दे सकते थे.’
गौरतलब है कि शाह हाल में हुई राज्य मंत्रिमण्डल की बैठकों में भी शामिल नहीं हुए थे और न ही वह अपने कार्यालय ही आ रहे हैं. उनके पते-ठिकाने के बारे में भी सार्वजनिक तौर पर किसी को कुछ नहीं मालूम है. इससे पहले, सीबीआई के महानिरीक्षक पी. कंडास्वामी ने संवाददाताओं से कहा ‘शाह को गांधीनगर स्थित सीबीआई कार्यालय में हाजिर होने के लिये कहा गया है.’ {mospagebreak}
कंडास्वामी ने कहा कि शाह को पूछताछ के लिये समन जारी किया गया है क्योंकि वह मामले की परिस्थितियों से वाकिफ हैं. शाह के वकील महेश जेठमलानी ने अपने मुवक्किल को बुधवार को दिन में पहला समन जारी किये जाने को लेकर की गई जल्दबाजी पर शक जाहिर किया है. इस बीच, गुजरात सरकार के प्रवक्ता और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने कहा ‘मुझे इस बारे में मीडिया से जानकारी मिली. हर व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिये.’
उधर, भाजपा ने कांग्रेस पर सीबीआई के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की है. भाजपा सांसद विजय रूपानी ने कहा ‘कांग्रेस भाजपा शासित राज्यों के खिलाफ सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है.’ दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने कहा ‘मीडिया में चुनिंदा बातों को लीक करने के बाद सीबीआई ने अब शाह के खिलाफ समन जारी किया है. यह पतन की पराकाष्ठा है.’
इस बीच, कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि सोहराबुद्दीन कांड के मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिये. सीबीआई ने इस साल जनवरी में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर सोहराबुद्दीन कांड और उसकी पत्नी कौसर बी की रहस्यमय हत्या के मामले की जांच का काम अपने हाथ में लिया था.