जब रक्षक ही भक्षक बन जाये तो कोई क्या करे. महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एक होटल में कानून की एक प्रशिक्षु का बलात्कार करने के आरोप में 27 वर्षीय एक वकील को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार वकील श्रीकांत महादेव वांड्रे ने पीड़िता को गर्भपात कराने और शादी का झांसा देकर बलात्कार करने के मामले में उसके खिलाफ पहले दर्ज शिकायत वापस लेने को भी मजबूर किया.
उनके अनुसार श्रीकांत ने अपने कार्यालय में बतौर प्रशिक्षु काम कर रही कानून विषय के दूसरे वर्ष की छात्रा को 30 अगस्त 2012 को देर रात काम में उलझाये रखा. इस वजह से अपने कॉलेज के हॉस्टल नहीं जा पायी. इसका फायदा उठाकर श्रीकांत उसे सीताबार्डी इलाके के एक होटल ले गया और वहां उसका बलात्कार किया.
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने 29 सितंबर को श्रीकांत के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी, लेकिन श्रीकांत ने उसे शादी का झांसा देकर उससे शिकायत वापस करवा ली. एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने शुक्रवार रात श्रीकांत के खिलाफ सीताबार्डी पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करायी और श्रीकांत को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया.