आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में व्यापक अनुभव रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह भारतीय सेना के अगले सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) होंगे. आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.
लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान के उत्तराधिकारी के रूप में 15 अक्टूबर को नए डीजीएमओ का पदभार संभालेंगे. लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह अभी सेना के नगरोटा स्थित 16 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में सेवारत हैं.
परमजीत सिंह को काउंटर टेरर ऑपरेशन में लंबा अनुभव है. बतौर DGMO लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह कई अहम ऑपरेशन देखेंगे. इसमें जम्मू-कश्मीर में LOC पर भारतीय सेना के स्पेशल ऑपरेशन भी शामिल हैं. लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक की प्लानिंग में भी शामिल थे. परमजीत सिंह डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज के छात्र रहे हैं. कश्मीर घाटी में सेना की तैनाती में भी उनका अहम योगदान है.
सियाचिन ग्लेशियर में ऊंचाई वाले युद्ध में भी सिंह का लंबा अनुभव है. उन्होंने अपने करियर का अधिकांश समय जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियानों का संचालन करने में बिताया है. लेफ्टिनेट जनरल परमजीत सिंह ने 1982 में भारतीय सेना जॉइन की थी. जनवरी 1984 में उनका पैराशूट रेजिमेंट में ट्रांसफर कर दिया गया था.