नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास रिक्शा से स्कूल जा रही क्लास सिक्स में पढ़ने वाली बच्ची को बस ने कुचल दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान प्रियांशी के रूप में हुई है जो मुकुंदपुर के रामा गार्डन इलाके की रहने वाली थी.
जानकारी के अनुसार, प्रियांशी रोज की तरह सुबह अपने घर से तैयार होकर मॉडल टाउन स्थित नंबर-1 स्कूल पढ़ने के लिए बैटरी रिक्शा में सवार होकर जा रही थी. जब रिक्शा मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक बस ने रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पूरी तरह असंतुलित हो गया.
हादसे के वक्त रिक्शे में बैठी प्रियांशी अचानक छिटककर सीधे व्यस्त सड़क पर गिर गई. इसी बीच पीछे से आ रही एक स्कूल बस उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे मासूम छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रियांशी के परिजनों ने स्कूल बस चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका कहना है कि अगर बस चालक समय रहते गाड़ी रोक लेता तो बच्ची की जान बच सकती थी.
वहीं, इस भयानक हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया है. मामले की तफ्तीश कर रहे अधिकारियों का कहना है कि वो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और संबंधित वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है.