कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के पद पर बड़ा बदलाव किया है. केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया है. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है.
कार्मिक मंत्रालय के तहत नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (ACC) ने गुरुवार को कई वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले को मंजूरी दी.
सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच छात्रों और सरकार के बीच बातचीत को लेकर भी गतिरोध बना हुआ है. प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने समेत कई मांगें उठाई जा रही हैं. हालांकि, सरकार की ओर से अधिकारियों के बदलाव को छात्र आंदोलन से जोड़कर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि देश के युवाओं का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की बात भी कही.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि शिक्षा सचिव को उदासीनता बरतने के चलते हटाया गया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी जी ने पेपर लीक मामले में उदासीनता बरतने वाले शिक्षा सचिव को बदल दिया. पेपर लीक के गुनहगारों सहित शिथिलता या उदासीनता बरतने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी. मोदी गारंटी.'
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव भी बदले गए
आदेश के मुताबिक, राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार अब शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे. वह फिलहाल पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव हैं. वहीं, मणिपुर कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है. वह 31 जुलाई 2026 को रिटायर होने वाले विवेक भारद्वाज की जगह पद संभालेंगे.
इसके अलावा टी.के. अनिल कुमार को शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
कई और IAS के ट्रांसफर
केंद्र सरकार ने कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्तियों को भी मंजूरी दी है. पीयूष गोयल को खान मंत्रालय के सचिव पद से हटाकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का महासचिव नियुक्त किया गया है. केशव चंद्र खान मंत्रालय में पीयूष गोयल की जगह नए सचिव होंगे.
सुशील कुमार लोहानी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (OSD) नियुक्त किया गया है. वह बाद में नरेश पाल गंगवार के स्थान पर विभाग के सचिव का पद संभालेंगे. चंद्र भूषण कुमार, वंदना गुरनानी के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे.
बी. राजेंद्र को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है. वह 31 जुलाई को श्रीराम तरणीकांति के सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, सतेंद्र सिंह को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के शहरी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा कैबिनेट सचिवालय में विशेष सचिव सुचिंद्र मिश्रा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है. कटिकिथला श्रीनिवास को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का सचिव बनाया गया है. वहीं, डी. थारा को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के पूंजी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को सचिव स्तर पर इन-सिटू अपग्रेडेशन भी दिया है. इनमें भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृण्मय कुमार नारायण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव, नीति आयोग के सलाहकार राजीव सिंह ठाकुर और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के महानिदेशक (प्रशिक्षण) दिलीप कुमार शामिल हैं.