scorecardresearch
 

भारत बंद के दौरान पुणे में स्कूल बसों पर पथराव, BJP सांसद ने शेयर की फोटो

आज भी पेट्रोल-डीजल के रेट में कमी नहीं आई है, बल्कि दाम और बढ़ गए हैं. पेट्रोल के रेट में 23 पैसे की वृद्धि हुई है जबकि डीजल में 22 पैसे का इजाफा हुआ है. पेट्रोल-डीज़ल (Petrol Diesel Price Hike) की इन्ही बढ़ती हुई कीमतों के खिलाफ विपक्ष ने भारत बंद (Bharath Bandh) बुलाया है.

Advertisement
X
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल बस पर किया हमला
प्रदर्शनकारियों ने स्कूल बस पर किया हमला

पेट्रोल-डीज़ल (Petrol Diesel Price Hike) की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने भारत बंद किया. कांग्रेस समेत कुल 21 राजनीतिक दलों के द्वारा बुलाए गए भारत बंद में देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुआ. इस दौरान कई जगह हिंसक प्रदर्शन भी हुआ. बिहार के जहानाबाद में भारत बंद के दौरान दो साल की बच्ची की मौत हो गई है. परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि भारत बंद के कारण कोई वाहन नहीं मिला, इसलिए बच्ची का इलाज नहीं हो पाया.

कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए. राहुल ने राजघाट पहुंच महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद उन्होंने विपक्ष के मार्च की अगुवाई की. राहुल गांधी के अलावा यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी रामलीला मैदान पर धरने में शामिल हुए.

Advertisement

बड़े अपडेट्स -

04.30 PM: कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि लोगों ने भारत बंद में शामिल होकर मोदी सरकार को एक बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है, जिसे हमें बचाना है.

04.10 PM: कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भारत बंद सफल होने का दावा किया. 21 पार्टियों को बंद का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री मौनी बाबा बन गए हैं.

03.30 PM: कर्नाटक के कई जिलों में बस सेवा बहाल की गई.

02.14 PM: भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनिल शिरोले ने कुछ तस्वीरें पोस्ट कर दावा किया है कि बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुणे में स्कूल बस पर हमला किया. स्कूल प्रशासन ने कहा है कि जिस दौरान सुबह बस बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी, उस दौरान ये हमला किया गया. 

01.58 PM: पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दाम के खिलाफ भारत बंद के बीच पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं. धर्मेंद्र प्रधान पेट्रोल-डीज़ल के दामों पर ब्रीफ करेंगे.

01.57 PM: भारत बंद के दौरान झारखंड में 5000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया.

01.11 PM: सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केंद्रीय मंत्रीने कहा कि विपक्ष के भारत बंद में जनता ने उनका साथ नहीं दिया है, इस दौरान हिंसा का सहारा लिया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री ने भारत बंद के दौरान बिहार केमें हुई बच्ची की मौत पर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि आखिर इस मौत का जिम्मेदार कौन है.

Advertisement

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां गुस्से में आकर खौफ का माहौल बना रहे हैं. जब जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है तो उग्रता सहारा लिया जा रहा है. विरोध करने का अधिकार सभी को है लेकिन इस प्रकार हिंसा करना कितना जायज है. विपक्ष को हिंसा का तांडव बंद करना चाहिए.

12.59 PM: मुंबई में भारत बंद का असर दिख रहा है, यहां दादर इलाके में पूरी तरह से सन्नाटा छाया हुआ है. इस इलाके को शिवसेना का गढ़ माना जाता है.

12.20 PM: भारत बंद के दौरान बिहार के जहानाबाद में दो साल की बच्ची की मौत हो गई है. परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि भारत बंद के कारण जो जाम लगा हुआ है, उसमें एम्बुलेंस काफी लंबे समय तक फंसी रही. बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था. बच्ची के पिता का कहना है कि भारत बंद के कारण उन्हें कोई वाहन नहीं मिला, बच्ची की तबीयत पिछले दो दिन से खराब थी.

हालांकि, जहानाबाद के एसडीओ परितोष कुमार का कहना है कि बच्ची की मौत भारत बंद या जाम के कारण नहीं हुई है, बल्कि परिवार वाले उसे घर से काफी देरी से अस्पताल लेकर गए थे.

Advertisement

11.27 AM: भारत बंद के दौरान मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं ने BJP पार्षद के दफ्तर पर हमला किया.

11.11 AM: गुजरात में भारत बंद के दौरान कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया. गुजरात कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव, गुजरात काग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा समेत अन्य कांग्रेसियों को हिरासत में लिया गया है.

11.01 AM: बिहार की राजधानी पटना में हाईकोर्ट के सामने तमाम सुरक्षा व्यवस्था के बीच हाईकोर्ट के जज को अंदर जाने से रोका गया.  यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जज की गाड़ी के सामने हंगामा किया.

10.55 AM: मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं ने जबरन दुकानें बंद करवाईं.

10.45 AM: बेगूसराय में बंद समर्थकों ने स्टेशन पर ट्रेन को रोक कर के सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

10.44 AM: पश्चिम बंगाल में 20 लेफ्ट कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है. ये सभी कार्यकर्ता दुर्गापुर रेलवे स्टेशन में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे.

10.36 AM: महाराष्ट्र के मुंबई में भारत बंद के दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है.

10.32 AM: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को एक होना होगा, छोटे मुद्दों को भूल लोगों की आवाज़ को उठाना होगा. उन्होंने कहा कि सरकार बदलने का वक्त आने वाला है, मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है.

Advertisement

10.24 AM: उत्तर प्रदेश के देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबरन दुकानें बंद करवाईं. भारत बंद के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.

10.03 AM: रामलीला मैदान पर विपक्ष के धरने में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी पहुंचे. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व अन्य विपक्षी पार्टियों के नेता पहले से ही मौजूद हैं.

09.56 AM: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के उज्जैन में पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ की. इस दौरान पुलिसकर्मी को भी पीटा गया. कांग्रेस के इस हंगामे में एक व्यक्ति घायल हो गया है. उज्जैन के दरगाह मंडी के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ये तोड़फोड़ की. बता दें कि भारत बंद को लेकर कई जगह दुकानें और स्कूल बंद हैं.

09.54 AM: भारत बंद के दौरान गुजरात के भरूच में अहमदाबाद-मुंबई नेशनल हाईवे पर जाम लगा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर टायर जलाए, जिसके कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लगा.

09.51 AM: छत्तीसगढ़ में भी पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन जारी है. रायपुर में कांग्रेस ने सड़कों पर उतर कर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

09.44 AM: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अन्य विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान पर धरने पर बैठे.

09.39 AM: पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारत बंद का व्यापक असर, कांग्रेस (Congress) पार्टी ने गुवाहाटी में सड़कों पर उतर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

Advertisement

09.25 AM: बिहार के पटना में पप्पू यादव के समर्थकों ने बस में तोड़फोड़ की. यहां राजेंद्र नगर रेलवे टर्मिनल के बाहर बसों पर पत्थरों और लाठी से हमला किया गया.

08.53 AM: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, उन्होंने यहां पर कैलाश मानसरोवर झील से लाया हुआ पवित्र जल भी चढ़ाया. श्रद्धांजलि देने के बाद राहुल की अगुवाई में विपक्ष का मार्च शुरू हो गया है.

08.46 AM: बिहार के पटना में सांसद पप्पू यादव ने भारत बंद के दौरान प्रदर्शन किया, उन्होंने अपने समर्थकों के साथ ट्रेन को रोका.

08.40 AM: कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वापस दिल्ली पहुंचे. विपक्ष के भारत बंद में राहुल गांधी भी शामिल हुए. राहुल गांधी राजघाट पहुंच गए हैं. राहुल के साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी यहां से निकलकर मार्च में शामिल होंगे.

08.38 AM: महाराष्ट्र में विपक्ष का भारत बंद बेहद आक्रामक रूप से आगे बढ़ रहा है. राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने पुणे में कई बसों में पत्थरबाजी की.

08.22 AM: दक्षिण राज्य केरल में भी विपक्ष के भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है. केरल में सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक भारत बंद रहेगा. राज्य में अधिकतर जगह दुकानें बंद हैं. इसके अलावा भी राज्य की बस सर्विस भी पूरी तरह से ठप है. भारत बंद के कारण लोगों को कई तरह की परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है.

Advertisement

08.00 AM: कर्नाटक के मेंगलुरु में कुछ उपद्रवियों ने एक प्राइवेट बस पर पत्थर फेंके. हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई है.

07.58 AM: कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का कहना है कि हम प्रदर्शन के जरिए मोदी सरकार पर दबाव बनाना चाहते हैं ताकि वे पेट्रोल-डीजल के दाम कम करें. जिस तरह उन्होंने हमारे दबाव के कारण राजस्थान में VAT में कटौती की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी की बैठक में पेट्रोल-डीज़ल की बात ही नहीं की गई.

07.54 AM: गुजरात के अहमदाबाद में बंद के चलते सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. यहां के इसनपुर में NSUI के कार्यकर्ताओं ने स्कूल बंद करवाया, इसके अलावा भी कई प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है.

07.52 AM: बिहार के दरभंगा में प्रदर्शनकारियों ने कमला फास्ट पैसेंजर को रोका

07.40 AM: बिहार के जहानाबाद में राजद कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर आगजनी की

07.36 AM: बिहार के खगड़िया में बंद समर्थकों ने NH-31 को जाम किया, बस स्टेशन पर भी RJD नेताओं को प्रदर्शन

07.25 AM: ओडिशा के भुवनेश्वर में भारत बंद का असर, सड़कों पर विपक्षी पार्टियों का प्रदर्शन, ट्रेन रोकी.

07.20 AM: कर्नाटक के कलबुर्गी में भारत बंद का असर, बस सर्विस पूरी तरह से ठप

07.15 AM: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सीपीआई(M) के कार्यकर्ताओं ने सुबह-सुबह प्रदर्शन किया.

बंद में कौन-कौन शामिल?

समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, एनसीपी, RLD, RJD, CPI, CPM, AIDUF, NC, JMM, JVM, DMK, TDP, KERALA CONGRESS (M), RSP, IUMP, LOK TANTRIC JANTA DAL, SWABHIMAN PAKSHA- R Shetty ने भारत बंद का आह्वान किया है. इसके अलावा टीएमसी और आम आदमी पार्टी ने भी विरोध का समर्थन किया है लेकिन भारत बंद से दूर हैं.

आपको बता दें कि भारत बंद से पहले राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने रविवार को ही अपने राज्य में पेट्रोल-डीजल से 4% वैट कम कर दिया था. इससे राज्य में पेट्रोल-डीजल करीब 2.50 रुपए तक सस्ता हो सकता है. 

कई जगह छुट्टी का ऐलान

भारत बंद को देखते हुए कई राज्यों ने सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है. कांग्रेस ने दावा किया है कि भारत बंद के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं होगी. बंद का समर्थन करने वाले दलों में सपा, बसपा, डीएमके समेत 21 दल हैं.

कर्नाटक सरकार ने बंद के चलते सोमवार को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है. सरकारी दफ्तरों में भी छुट्टी रहेगी. इधर, आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के इस बंद से किनारा कर लिया है.

भारत बंद से कई चीजों को बाहर रखा गया है. इसमें दवा की दुकान अस्पताल और एंबुलेंस को राहत दी गई है, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी तरह की समस्या न हो.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement