देश के गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव ने बीजेपी जॉइन कर ली है. भास्कर राव के बीजेपी में जाने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. इसके अलावा दूसरी तरफ कर्नाटक में ओलंपिक मेडल विजेता अंजू बॉबी जॉर्ज ने भी भारतीय जनता पार्टी जॉइन की है.
Ranga Reddy: Former Andhra Pradesh Chief Minister N Bhaskara Rao joined Bharatiya Janata Party (BJP) in the presence of party president and Union Home Minister Amit Shah, today. #Telangana pic.twitter.com/n7pcaiycLR
— ANI (@ANI) July 6, 2019
बेंगलुरु में आयोजित बीजेपी के कार्यक्रम में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की मौजूदगी में अंजू बॉबी जॉर्ज ने बीजेपी का हाथ थामा. इस दौरान बीजेपी के सबसे युवा सांसद तेजस्वी सूर्या भी मौजूद थे. भास्कर राव और अंजू बॉबी जॉर्ज ने उस समय बीजेपी का दामन थामा है, जब बीजेपी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की है.
ओलंपिक मेडल विजेता अंजू बॉबी जॉर्ज ने ज्वाइन की बीजेपी
आपको बता दें कि शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक जनजातीय महिला को सदस्यता कार्ड जारी कर तेलंगाना में बीजेपी की सदस्यता अभियान की शुरुआत की. अमित शाह ने दोपहर का भोजन भी जनजातीय महिला सोनी नायक के घर पर किया. वो तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के ममीदिपल्ली गांव के जनजातीय टोले 'रंगानायकुला थांडा' की रहने वाली हैं. यह हैदराबाद का बाहरी इलाका माना जाता है.
अमित शाह ने जनजातीय महिला और उसके परिवार के सदस्यों मुलाकात और बातचीत भी की. इस दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी, भाजपा की तेलंगाना इकाई के प्रमुख के. लक्ष्मण, राष्ट्रीय महासचिव पी. मुरलीधर राव और बीजेपी नेता भी मौजूद रहे.
बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए की केंद्र की सत्ता में वापसी के बाद अमित शाह का यह पहला तेलंगाना दौरा है. हालिया लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने तेलंगाना की चार सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसको लेकर उत्साहित बीजेपी की योजना आक्रामक तरीके से सदस्यता अभियान चलाकर राज्य में अपना आधार मजबूत करने की है.