scorecardresearch
 

पंजाब: सल्फास की जहरीली गैस ने उजाड़ी परिवार की खुशियां, 13 दिन की बच्ची और 4 साल के मासूम की मौत, 3 की हालत गंभीर

फतेहगढ़ साहिब जिले के खनियान गांव में गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए रखी गई सल्फास की गोलियों से निकली जहरीली गैस ने एक ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. हादसे में 13 दिन की बच्ची और चार साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां और एक महिला गंभीर हालत में चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं.

Advertisement
X
जहरीली गैस से 2 मासूमों की मौत. (Photo: Screengrab)
जहरीली गैस से 2 मासूमों की मौत. (Photo: Screengrab)

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव खनियान से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए स्टोर में रखी गई सल्फास की गोलियों से निकली जहरीली गैस ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां और एक महिला गंभीर हालत में चंडीगढ़ के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं.

जानकारी के अनुसार, गांव खनियान में दो सगे भाई अपने-अपने परिवार के साथ एक ही घर में रहते हैं. कुछ दिन पहले परिवार ने घर के स्टोर में रखे गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए अनाज के ढेर में सल्फास की गोलियां रखी थीं. जिस स्टोर में गेहूं रखा गया था, उसका एक दरवाजा सीधे उस बेडरूम में खुलता था, जहां दोनों परिवार अपने बच्चों के साथ सोते थे.

20 जुलाई की रात बिगड़ने लगी बच्चों की तबीयत

बताया जा रहा है कि 20 जुलाई की रात अचानक घर में बच्चों की तबीयत खराब होने लगी. सबसे पहले 13 दिन की मासूम हरसीरत कौर की हालत गंभीर हुई. परिवार उसे संभाल पाता, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई. परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि करीब चार वर्षीय मनराज सिंह की तबीयत भी बिगड़ गई. उसे लगातार उल्टियां होने लगीं. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए. दवा दिलाने के बाद उसे वापस घर ले आए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ.

Advertisement

बुधवार सुबह मनराज सिंह की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. इस हादसे में परिवार की 13 वर्षीय और 8 वर्षीय दो बच्चियां तथा एक महिला भी गंभीर रूप से बीमार हो गईं. तीनों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

सल्फास की जहरीली गैस बनी हादसे की वजह

दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल टीम ने मौके का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्टोर में गेहूं के बीच रखी गई सल्फास की गोलियों से जहरीली गैस निकली थी. जांच के दौरान यह भी पता चला कि बेडरूम में लगा एयर कंडीशनर स्टोर की तरफ से गैस को कमरे में खींच लाया. इसके बाद जहरीली गैस पूरे कमरे में फैल गई, जहां दोनों परिवार सो रहे थे.

लंबे समय तक गैस के संपर्क में रहने के कारण बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई. इसी जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मासूमों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement