scorecardresearch
 

'...हम डरने वाले नहीं', गिरफ्तारी-रिहाई के अगले दिन सरकार पर बरसे पवन खेड़ा

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और एस जयशंकर को असफल विदेश मंत्री बताया है. उन्होंने पीएम मोदी पर भी तंज किया है. पवन खेड़ा ने ये भी कहा कि देश आज बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है. 

Advertisement
X
पवन खेड़ा (फाइल फोटो)
पवन खेड़ा (फाइल फोटो)

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को एक दिन पहले ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पुलिस ने फ्लाइट से उतारकर गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिल गई थी. रिहाई के बाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने फिर से केंद्र सरकार पर हमला बोला है.

पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था को सही रास्ते पर कांग्रेस ही ला सकती है. उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी निशाने पर रखा. पवन खेड़ा ने कहा कि इस हफ्ते जयशंकर ने विदेश मंत्री के मायने बदल दिए. उन्होंने एस जयशंकर को असफल विदेश मंत्री बताया. पवन खेड़ा ने कहा कि चीन को लेकर उनकी ओर से जिस तरह का बयान आया, वो शर्मनाक है.

उन्होंने इंदिरा गांधी के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि तब अमेरिका को लेकर भारत का रुख सख्त था. पवन खेड़ा ने कहा कि हम डरने वाले नहीं हैं. हम निडर हैं और इसीलिए अंग्रेजों से लड़े और डेढ़ सौ साल तक लड़ते रहे. उन्होंने कहा कि आज देश बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है. कांग्रेस ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

Advertisement

पवन खेड़ा ने कहा कि पार्टी और देश आपस में जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई पर कोई जवाब नहीं देता. पवन खेड़ा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वे बेरोजगारी और महंगाई पर जवाब क्यों नहीं दे सकते? उन्होंने कहा कि अडानी पर कोई चर्चा क्यों नहीं? उन पर कोई भी बयान दिया जाए तो उसे संसद की कार्यवाही से बाहर कर दिया जाता है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना कहा कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं. आपको इसकी मर्यादा को बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि ज्वलंत मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए. पवन खेड़ा ने एक दिन पहले पंजाब के अजनाला थाने पर हमले की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब की सरकार अकेले लड़ना तो दूर, खालिस्तान जैसे संवेदनशील मुद्दे को समझने की क्षमता भी नहीं रखती.

गौरतलब है कि पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक बयान दिया था जिस पर सियासी घमासान मच गया था. उत्तर प्रदेश के लखनऊ और वाराणसी के साथ ही असम में भी इसे लेकर केस दर्ज हुए. पवन खेड़ा कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन में शामिल होने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट में सवार भी हो गए थे कि तभी अधिकारियों ने उन्हें उतार लिया था. इसके बाद कांग्रेस के नेता विमान के बाहर ही प्रदर्शन करने लगे थे.

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement